पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की साइबर अपराध रिपोर्टिंग केंद्र (सीसीआरसी) ने लाहौर में एक महिला की 'आपत्तिजनक' तस्वीरें और वीडियो के जरिये उसे परेशान और ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को यह वाकया सामने आया है।
एफआईए सीसीआरसी लाहौर के उप निदेशक चौधरी सरफराज द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शेखूपुरा के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की सहमति के बिना ली गई तस्वीरों और वीडियो के जरिये, लाहौर के रहने वाला एक व्यक्ति द्वारा उसे परेशान और ब्लैकमेल किया जा रहा है।
डॉन न्यूज में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में दर्ज एफआईआर में शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी बहन आरोपी के संपर्क में आई और बाद में उससे मिली। मुलाकात के दौरान, आरोपी ने "धोखे से आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो ले लिए" और उसका मोबाइल फोन भी चुरा लिया।
एफआईआर के मुताबिक आरोपी ने महिला को तीन लाख रुपये देने के लिए मजबूर किया और अब ब्लैकमेल कर और पांच लाख रुपये मांग रहा था।
शिकायत दर्ज होने के बाद, सीसीआरसी लाहौर के डिप्टी डायरेक्टर द्वारा एक जांच दल का गठन किया गया जिसने छापा मारा और संदिग्ध के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए। बयान में कहा गया है कि इनमें से एक मोबाइल फोन में महिला से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री मौजूद थी।
एफआईआर के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
यह वाकया एफआईए द्वारा लाहौर में दो लोगों को इसी तरह के अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार करने के कुछ दिनों के बाद सामने आया है। इन दोनों ने भी कई महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिये परेशान और ब्लैकमेल किया था, जिनमें एक मलयेशिया की रहनेवाली थी।