ब्रिटेन के डर्बी में सोमवार को एक पाकिस्तानी नागरिक ने गुरु अर्जन देव गुरुद्वारे में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुद्वारा प्रबंधन ने बताया कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है लेकिन लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
तोड़फोड़ करने वाले इस व्यक्ति ने गुरुद्वारे की दीवारों पर एक नोट भी चिपकाया। इसमें कश्मीर के बारे में लिखा गया है। आरोपी ने लिखा है कि कश्मीरियों की मदद करने की कोशिश करो वरना हर किसी को मुश्किल होगी। इस नोट में एक फोन नंबर भी दिया गया है।
सेवादारों और कर्मचारियों की सुरक्षा करेंगे सुनिश्चित
गुरुद्वारे से जुड़े अधिकारियों ने कहा, 'इस तरह का हेट क्राइम या सिखों के खिलाफ किसी तरह का अपराध हमें सेवा और प्रार्थना करने से नहीं रोक पाएगा। हम समुदाय की सेवा करना जारी रखेंगे। रोजाना होने वाली प्रार्थना जारी रहेगी। हम अपने सभी सेवादारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।'
लंदन में भारतीयों पर होते रहते हैं हमले
लंदन में भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों पर बड़े पैमाने पर हमले होते रहते हैं। पिछले साल अगस्त में भारत के 73वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर इकट्ठा हुए भारतीयों पर पाकिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने अंडे और पानी की बोतलें फेंकी थी। इसके अलावा पत्थर भी फेकें थे।