तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए तैनात होंगे वरिष्ठ अधिकारी
करतारपुर गलियारे में इस यात्रा के संचालन को सुगम बनाने के लिए आंतरिक मंत्रालय ने वहां दो सहायक निदेशक और उपनिदेशक के अलावा 169 निरीक्षकों उपनिरीक्षकों और महिला कांस्टेबलों को तैनात किया है। जीरो प्वाइंट पर पाकिस्तान के रेंजर हर तीर्थयात्रियों से 20 डॉलर वसूलेंगे।
550वें प्रकाश पर्व पर मनमोहन सिंह के साथ दल जाएगा करतारपुर साहिब
श्रीगुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा कुछ अन्य नेताओं के भी करतारपुर साहिब जाने की संभावना है। कांग्रेस जत्थे में मनमोहन सिंह के साथ एक दल भेज सकती है। पहले पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को जाना था, लेकिन अब ज्योतिरादित्य सिंधिया, पंजाब की प्रभारी आशा कुमारी, आरपीएन सिंह, रणदीप सुरजेवाला, जतिन प्रसाद और दीपेंद्र हुड्डा को भेजे जाने की संभावना है।
पाकिस्तान गैरभारतीय सिखों को भी करतारपुर के लिए देगा वीजा
पाकिस्तान सरकार ने गुरुनानक देव के 550वें जन्मोत्सव पर अपने मुल्क में करतारपुर गलियारे सहित अन्य गुरुद्वारे में दर्शन के लिए गैरभारतीय सिखों को भी वीजा देने का फैसला किया।
करतारपुर पर भारत-पाक समझौते के मुताबिक भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को एक दिन के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं है। हालांकि इस दौरान वह केवल बाबा गुरुनानक गुरुद्वारे में ही जा सकते हैं। वहीं अन्य देशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वीजा जरूरी होगा और वह किसी भी गुरुद्वारे में जा सकते हैं।
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सरकार यूरोप, कनाडा और अमेरिका से आने वाले गैरभारतीय सिखों को टूरिस्ट वीजा देगी। उन्होंने बताया कि यदि भारतीय श्रद्धालु पाकिस्तान के अन्य धर्मस्थलों पर जाना चाहें तो उन्हें वीजा लेना पड़ेगा।