आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ज्वाइन करने वाली पाकिस्तानी मूल की एक महिला ब्रिटेन लौटना चाहती है। टूबा गोंडल नाम की यह महिला ब्रिटिश नागरिक है, जिसका फ्रांस में जन्म हुआ था। उसने आईएस में शामिल होकर किसी आतंकी से शादी कर ली थी। उसके दो बच्चे भी हैं। उसे अन्य युवतियों को आईएस में शामिल कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल वह सीरिया के एक राहत शिविर में रह रही है।
25 साल की गोंडल आईएस के कब्जे वाले बागूज को छोड़कर फरार होने की फिराक में थी, तभी उसे अमेरिका समर्थित कुर्दिश लड़ाकों ने पकड़ लिया था। गोंडल का कहना है कि सीरिया में उसे खाने-पीने की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वह बम धमाकों और गोलियों की आवाज से ऊब चुकी है। पिछले सप्ताह सीरियाई शिविर से उसने एक इंटरव्यू के जरिये अपनी बात दुनिया के सामने रखने की कोशिश की।
गोंडल ने कहा, ‘मैं एक ब्रिटिश नागरिक हूं, लेकिन ब्रिटेन ने मुझे वापस लेने से इनकार कर दिया है। मुझे पता है कि ब्रिटेन की जनता मुझसे भयभीत है। वे मुझसे कोई समझौता करना नहीं चाहते। मैं आश्वस्त करना चाहती हूं कि ब्रिटिश जनता को मुझसे किसी तरह का कोई खतरा नहीं होगा। मैं फिर से सामान्य जीवन जीना चाहती हूं।’
द संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन में रह रहे उसके परिवार के सदस्यों ने ब्रिटिश अधिकारियों से गोंडल को वापस लेने की गुहार लगाई है। उसकी छोटी बहन मरियम ने बताया कि गोंडल पिछले तीन साल से लौटने की कोशिश कर रही है, लेकिन आईएस ने उसके बच्चों को मारने की धमकी दी थी। वह दो से तीन बार सीरिया से भागने की असफल कोशिश कर चुकी है।