पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आरोप लगाया है कि जिस आईएसआई अधिकारी ने उन्हें मारने की दो बार कोशिश की, उसी अधिकारी ने वरिष्ठ पत्रकार अरशद शरीफ की हत्या कराई। लाहौर में एक रैली के दौरान इमरान खान ने ये आरोप लगाए। इमरान खान की रैली का वीडियो लिंक के जरिए पाकिस्तान के कई शहरों में लाइव टेलीकास्ट किया गया।
आईएसआई के मेजर जनरल फैसल नसीर पर लगाए आरोप
रैली के दौरान इमरान खान ने कहा कि 'आईएसआई के मेजर जनरल फैसल नसीर ने मुझे दो बार मारने की कोशिश की। वही अरशद शरीफ की हत्या में शामिल है। उसी ने मेरी पार्टी के सांसद आजम स्वाती को निर्वस्त्र किया और उन्हें प्रताड़ित किया।' बता दें कि पत्रकार अरशद शरीफ की बीते साल अक्तूबर में केन्या में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अरशद शरीफ सेना के प्रति आलोचक थे और उन्हें इमरान खान का समर्थक माना जाता था।
केन्या में हुई थी अरशद शरीफ की हत्या
अरशद शरीफ पर देशद्रोह का आरोप लगा था, जिसके बाद वह पाकिस्तान छोड़कर दुबई चले गए थे। वहां से लंदन होते हुए वह केन्या की राजधानी नैरोबी पहुंचे थे। नैरोबी में अरशद शरीफ की केन्या पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। केन्या पुलिस ने कहा था कि गलत पहचान के चलते अरशद शरीफ को गोली मारी गई। अरशद की मौत पर पाकिस्तान में खूब हंगामा हुआ था।
इमरान खान पहले भी लगा चुके हैं आरोप
इमरान खान पर भी बीते साल नवंबर में हमला हुआ था, जिसमें उनके पैर में गोली लगी थी। उस वक्त इमरान खान ने मेजर जनरल नसीर समेत प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आंतरिक मामलों के मंत्री राणा सनाउल्लाह पर उनकी हत्या का आरोप लगाया था। इमरान खान ने लाहौर की रैली में कहा कि मेजरल जनरल फैसल नसीर पर उनकी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इमरान ने लोगों से माफिया सत्ताधारियों के खिलाफ सड़कों पर उतरने की अपील की।
इमरान खान की पार्टी 14 मई तक पंजाब में कई रैलियों का आयोजन करेगी। इमरान खान ने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना की जाएगी तो संविधान ध्वस्त हो जाएगा और देश में कानून का राज भी खत्म हो जाएगा। इमरान खान ने बिलावल भुट्टो की भारत यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि इस यात्रा से क्या हासिल हुआ और इससे सिर्फ देश की बेइज्जती हुई।