रूस में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के सैन्य अभ्यास के दौरान पाकिस्तान ने अपने सांस्कृतिक आयोजन में भारत को नहीं बुलाया है। सैन्य अभ्यास के दौरान हर दिन कोई एक सदस्य देश सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराता है। रूस में आयोजित यह सैन्य अभ्यास नौ सितंबर से शुरू हुआ है और 23 सितंबर तक चलेगा।
बीते 12 सितंबर को जब भारत की ओर से सांस्कृतिक आयोजन कराया गया था, तो सभी सदस्य देशों को न्यौता दिया गया था, इसमें पाकिस्तान भी शामिल था। हालांकि 12 सितंबर तक पाकिस्तान सेना अभ्यास के लिए रूस नहीं पहुंची थी, इसलिए वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए थे। वहीं, चीन के लेफ्टिनेंट जनरल कोइ श्यावु भारतीय आयोजन में मौजूद रहे थे, और फिर चीन ने भी भारतीय अफसरों को कार्यक्रम और डिनर पर आमंत्रित किया था।
सेना के सूत्रों ने बताया कि हर दिन एक भागीदार देश एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करता है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार का दिन पाकिस्तान के लिए तय था, लेकिन उसने भारत को आमंत्रित नहीं किया।
मालूम हो कि इस साल का सैन्य अभ्यास 'टीएसईएनटीआर 2019' रूस का केंद्रीय सैन्य आयोग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मेजबान रूस के अलावा चीन, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, पाकिस्तान और उज्बेकिस्तान की सेना शामिल हो रही हैं।