कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा दिया है। दिन-ब-दिन इस वायरस का कहर और बढ़ता ही जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा देश होगा जो इस खतरनाक वायरस से अछूता होगा।
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के हालात तो और खराब हैं। वहां भी संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच खबर है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए दी है।
शाह महमूद कुरैशी ने ट्वीट करते लिखा, 'दोपहर को मुझे हल्का बुखार महसूस हुआ और मैंने तुरंत ही घर पर खुद को क्वारंटीन कर लिया। मैं कोरोना से पॉजिटिव पाया गया हूं। अल्लाह की कृपा से मैं मजबूत और ऊर्जावान महसूस कर रहा हूं। मैं घर से ही अपनी ड्यूटी को निभाना जारी रखूंगा। कृपया मेरे लिए प्रार्थना करें।'
बता दें कि पाकिस्तान में रोजाना हजारों की संख्या में कोरोना से संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो रही है। पाकिस्तान में अब तक 2.20 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4500 से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है।