तुर्की के राष्ट्रपति रिसेप तैयप एर्दोऑन ने पाकिस्तानी संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए भारत विरोधी रुख अपनाया। उन्होंने कहा, तुर्की का पाक को बेशर्त समर्थन मिलेगा, साथ ही कश्मीर और एफएटीएफ के मुद्दे पर भी उसका पाकिस्तान को समर्थन वाला रुख जारी रहेगा। एर्दोऑन का पूरा भाषण इस्लाम और मुसलमानों के इर्द गिर्द घूमता रहा। उन्होंने कहा कि कश्मीर पर हो रहे जुल्म पर वे चुप नहीं रहेंगे।
एर्दोऑन ने कहा, जमीन पर खींची हुई सीमा इस्लाम के अनुयायियों को बांट नहीं सकती है। तुर्की के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को अपना दूसरा घर बताकर इमरान को खुश किया और कहा, आपका दर्द मेरा दर्द है। एर्दोऑन ने अमेरिकी राष्ट्रपति पर भी हमलावर होते हुए कहा कि मध्य-पूर्व में अमेरिकी शांति योजना गलत है। उन्होंने कहा, मुसलमानों के मारे जाने पर मुस्लिम देशों को एकजुट होना चाहिए।
पाक पीएम इमरान खान की कार ड्राइविंग पर सोशल मीडिया में खूब मजाक उड़ाया जा रहा है। इस मजाक में पाकिस्तानी यूजर भी शामिल हैं। दरअसल, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोऑन जब इस्लामाबाद पहुंचे तो इमरान खुद नूर खान एयरबेस पर उन्हें रिसीव करने पहुंचे। यहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद लोग उस वक्त चौंक गए जब इमरान ने खुद ही उनकी गाड़ी चलाने का फैसला किया। इमरान ड्राइविंग सीट पर बैठे और एर्दोऑन को लेकर राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के घर पहुंचे। इस पर पाक पत्रकार लायना इनायत ने ट्वीट किया कि इमरान को धंधा बदल लेना चाहिए क्योंकि वह अच्छे चालक हो सकते हैं।