पाकिस्तान के मुताबिक अफगानिस्तान के साथ चल रहे सैन्य अभियान में अबतक 415 अफगान तालिबान मारे गए और 580 से अधिक घायल हुए। इस बात का दावा पाकिस्तानी सूचना मंत्री ने किया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई सीमा पर 53 हमलों के जवाब में की गई।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव दिन-प्रतिदिन और बढ़ता जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में बताया गया कि अफगानिस्तान के साथ जारी सैन्य अभियान में पाकिस्तानी सेना ने 415 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है और 580 से ज्यादा को घायल किया है। यह जानकारी पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने रविवार को दी। बता दें कि दोनों देशों के बीच यह संघर्ष ज्यादा तेज तब हो गया जब पाकिस्तान ने गुरुवार रात ‘गजब लिल हक’ नाम से एक सैन्य अभियान शुरू किया।
अभी भी जारी है अभियान
पाकिस्तान के संसदीय मामलों के संघीय मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि यह अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा था कि पाकिस्तान ने कार्रवाई रोक दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) और ड्रोन से जुड़े वीडियो फिलहाल मीडिया के साथ साझा नहीं किए जा रहे हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ऑपरेशन बंद हो गया है।