ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार संघर्ष बढ़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने शनिवार को भारत के 26 स्थानों पर हमला किया, जिसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के कम से कम चार एयरबेस को निशाना बनाया। हालांकि, बौखलाए पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारतीय सेना ने रावलपिंडी समेत तीन पाकिस्तानी एयरबेस पर मिसाइल दागीं हैं। इसके साथ ही स्थिति बद से बदतर होती देख नापाक पड़ोसी ने अब अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का भी फैसला किया है।
विक्रम मिसरी ने लगाए थे ये आरोप
इससे पहले बीते दिन प्रेस कांफ्रेंस कर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया था कि पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के इरादे से भारतीय इलाकों में हमला किया। पाकिस्तान ने 36 स्थानों पर घुसपैठ का प्रयास किया। पाकिस्तान की ओर से 300 से 400 ड्रोन्स भेजे गए। साथ ही जांच में पता चला है कि ड्रोन तुर्किये निर्मित थे। इस तनाव की स्थिति और भारत के पलटवार की संभावना के बावजूद भी पाकिस्तान ने अपना नागरिक हवाई क्षेत्र बंद नहीं किया। वह उसका इस्तेमाल ढाल के तौर पर कर रहा है। हमने जवाबी कार्रवाई कर उसका एक और एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट कर दिया।
इन 26 स्थानों पर देखे गए संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन
रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं। इनमें संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन शामिल हैं। जिन स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं, उनमें बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़, जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लाखी नाला शामिल हैं।
फिरोजपुर में पाकिस्तानी ड्रोन ने नागरिक क्षेत्र को बनाया निशाना
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी ड्रोन ने फिरोजपुर में एक नागरिक क्षेत्र को निशाना बनाया। हमले में एक स्थानीय परिवार के सदस्य घायल हो गए। घायलों को चिकित्सा सहायता दी गई है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। भारतीय सशस्त्र बल उच्च स्तर की सतर्कता बनाए हुए हैं। ऐसे सभी हवाई खतरों को काउंटर-ड्रोन सिस्टम का उपयोग करके ट्रैक किया जा रहा है। जरूरत के हिसाब से त्वरित कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को घर के अंदर रहने, अनावश्यक आवाजाही को सीमित करने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। नागरिकों से कहा गया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता और एहतियात जरूरी है।
जालंधर के कंगनीवाल गांव में घर क्षतिग्रस्त
सूत्रों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में डिब्बर इलाके में जोरदार विस्फोट के बाद धुआं उठता देखा गया। राजौरी क्षेत्र में सिलसिलेवार विस्फोटों के बाद घरों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। राजौरी और अखनूर में भी जोरदार धमाके सुने गए। इस बीच, पंजाब में, ग्रामीण जालंधर के कंगनीवाल गांव में ड्रोन से संबंधित विस्फोट ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया।
दूसरी तरफ, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने शनिवार सुबह जल्दबाजी में इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उसने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान वायुसेना के चकलाला रावलपिंडी स्थित नूर खान, चकवाल स्थित मुरीद और झांग जिले में शोरकोट स्थित रफीकी एयरबेस को निशाना बनाया। हालांकि, उसने दावा किया कि वायुसेना की सभी संपत्तियां सुरक्षित हैं।
ये भी पढ़ें: Earthquake: भारत से संघर्ष के बीच पाकिस्तान पर कुदरत का कहर; 4.0 की तीव्रता से कांपी धरती
चौधरी का दावा- भारत ने जेट विमानों से दागीं मिसाइलें
शरीफ चौधरी ने दावा किया कि भारत ने अपने जेट विमानों से हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें दागी, लेकिन पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलों को रोक दिया। चौधरी ने आगे कहा कि भारत क्षेत्र को युद्ध में धकेलना चाहता है और पाकिस्तान इसका जवाब देगा। उन्होंने कहा कि भारत को हमारी प्रतिक्रिया का इंतजार करना चाहिए। इसके बाद चौधरी ने बिना कोई सवाल लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर दी।
दोपहर 12 बजे तक हवाई क्षेत्र किया बंद: पीपीए
शरीफ चौधरी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ मिनटों बाद ही सरकारी पीटीवी ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान ने जवाबी हमला किया है। वहीं, पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (पीएए) ने एक अधिसूचना जारी की और कहा कि पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र सुबह 3.15 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी तरह के हवाई यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। दोपहर 12 बजे के बाद अगला अपडेट दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: PM Modi: पीएम के फैसलों ने वायु रक्षा कवच को दी रणनीतिक मजबूती; नई पीढ़ी के युद्ध साधन से गूंजी भारत की ललकार
पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सेना ने आतंकी लॉन्चपैडों को किया ध्वस्त
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सटीक मिसाइल हमला कर आतंकी लॉन्चपैडों को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को दूसरी रात जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक भारत में 26 स्थानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए। हालांकि, भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नापाक हमलों को विफल कर दिया।
संबंधित वीडियो