जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में 7 मई को भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' से मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसकी सरकार और सेना आए दिन या तो भड़काऊ बयान देती है, दुनियाभर में प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश करती है या फिर अपनी हरकतों की वजह से भारत को उकसाने की कोशिश करती है। ताजा मामला पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से जुड़ा है। उन्होंने हाल ही में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास अग्रिम चौकियों का दौरा किया। यह दौरा ऐसे वक्त हुआ, जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते सबसे बुरे दौर में पहुंच गए हैं।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल थे।
क्या है मामला?
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने शनिवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपने सैनिकों से बातचीत की। सेना ने एक बयान में बताया कि बातचीत के दौरान जनरल मुनीर ने सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने उनकी तैयारियों और सतर्कता की सराहना भी की। हालांकि, भारत से करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी अपना दर्द छिपाने की हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। भारत की मिली करारी हार को छिपाने के लिए वे झूठी खबरें फैला रहे हैं और अपनी जीत का फर्जी दावा कर रहे हैं। इसका एक उदाहरण हाल ही में तब सामने आया था, जब मुनीर ने एक तस्वीर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को यह बताकर तोहफे में दी थी कि वह भारत के साथ जारी संघर्ष की है। हालांकि, बाद में पता चला कि वह तस्वीर 2019 के चीन के एक सैन्य अभ्यास की है।
सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बयान में कहा कि वह सैनिकों के साथ ईद-उल-अजहा मनाने के लिए LoC पर सेना की अग्रिम चौकियों का दौरा कर रहे थे। जनरल मुनीर ने अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों और अधिकारियों से कहा कि प्रियजनों से दूर ईद मनाना राष्ट्र सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुनीर ने बड़बोलापन भी दिखाया
अपने दौरे पर मुनीर ने बड़बोलापन भी दिखाया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने हाल ही में संघर्ष के दौरान भारत को करारा जवाब दिया। हालांकि, इस दौरान वह दुनियाभर में हुई पाकिस्तान की किरकिरी को लेकर चुप्पी साधे रहे। उनके इस दौरे को लेकर कई विशेषज्ञ कह रहे हैं कि आसिम मुनीर की हरकतों पर नजर बनाकर रखी जानी चाहिए। हमारे सशस्त्र बल और खुफिया एजेंसियां ऐसा कर भी रही होंगी। उनके उकसावे वाले भाषणों की वजह से ही अप्रैल में दोनों देशों के बीच हालात बिगड़े थे।
फिर अलापा कश्मीर राग
मुनीर ने कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान के फर्जी सैद्धांतिक रुख को फिर दोहराया। उन्होंने कश्मीरी लोगों के लिए समर्थन जारी रखने की बात भी कही। हालांकि, नई दिल्ली ने बार-बार कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख हमेशा से भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग रहे हैं और रहेंगे। संयुक्त राष्ट्र में भारत ने बार-बार पाकिस्तान के नापाक चेहरे को उजागर किया है और कश्मीर मुद्दे पर उसकी पोल खोली है।