पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर
- फोटो : ANI
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को उनके पद से हटाने को लेकर चल रहे अटकलों के बीच पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर का बड़ा बयान आया है। उन्होंने इन अटकलों को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से गलत बताया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुनीर ने कहा कि ऐसी अफवाहें राजनीतिक अराजकता फैलाने की साजिश हैं।
बता दें कि जुलाई में सोशल मीडिया पर यह खबरें आई थीं कि राष्ट्रपति जरदारी को हटाया जा सकता है। साथ ही सेना प्रमुख खुद देश के शीर्ष पद पर आ सकते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने इसको सिरे से खारिज कर दिया था।
ये भी पढ़ें:- US: मुनीर के साथ लंच ट्रंप का कूटनीतिक दांव, भारत-पाक हालिया तनाव के बीच व्हाइट हाउस में किस बात पर हुआ मंथन?
ब्रुसेल्स में हुई बैठक में बोले पाकिस्तानी सेना प्रमुख
मामले में पत्रकार सुहैल वर्रैच ने बताया कि ब्रुसेल्स में हुई एक बैठक के दौरान सेना प्रमुख मुनीर ने उन्हें बताया कि ये अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मुनीर ने कहा कि भगवान ने मुझे देश का रक्षक बनाया है, मैं किसी भी पद की इच्छा नहीं रखता। इसके साथ ही राजनीतिक मेल-मिलाप के बारे में मुनीर ने कहा कि यह तभी संभव है जब सभी पक्ष ईमानदारी से माफी मांगें। यहां पर मुनीर का इशारा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और उसके नेता इमरान खान की तरफ था।
ये भी पढ़ें:- Pakistan Flood Havoc: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बाढ़ का कहर, मृतकों का आंकड़ा 300 के पार
विदेशी मामलों पर भी बोले मुनीर
इसके साथ ही विदेशी मामलों पर मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और चीन के बीच संतुलन बनाए रखेगा और किसी एक को दूसरों के लिए कुर्बान नहीं करेगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रयासों को ईमानदार बताया। साथ ही कहा कि पाकिस्तान ने उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने में पहल की थी।