पाकिस्तान अपनी आदत से बाज नहीं आ रहा है। हर तरफ से अपनी फजीहत करवाने के बाद अब उसने फिर से कश्मीर का राग अलापना शुरू कर दिया है। यहां के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी अब संयुक्त राष्ट्र महासभा के नए अध्यक्ष वोल्कान बोजकिर के सामने भारत के खिलाफ कश्मीर मुद्दे को उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के नए अध्यक्ष वोल्कान बोजकिर सोमवार को पाकिस्तान दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान इमरान सरकार ने संकेत दिए हैं कि वो उनके सामने भारत के खिलाफ कश्मीर मुद्दे को उठाएगी। समाचार एजेंसी के मुताबिक, इमरान सरकार भारत को बदनाम करने और दुनिया में अपनी गिरती छवि को बचाने के लिए यूएनजीए के अध्यक्ष के सामने कश्मीर मुद्दा उठाने जा रही है।
बोजकिर के पाकिस्तान दौरे के दौरान इमरान सरकार के विदेश मंत्री कुरैशी उनके साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान कुरैशी उनके सामने कश्मीर के हालात और उस पर पाकिस्तान के रुख पर बात करेंगे। कुरैशी ने कहा कि हम यूएनजीए प्रेसिडेंट को भारत अधिकृत जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा किए जा रहे अत्याचारों के बारे में बताएंगे।
तुर्की के वोल्कान बोजकिर को 21 जून को यूएनजीए का अध्यक्ष चुना गया था। वे यूएनजीए के प्रेसिडेंट बनने वाले पहले तुर्की नागरिक हैं। वह सितंबर में पद ग्रहण करेंगे। उनका कार्यकाल एक साल का होगा।