बॉलीवुड की फिल्मों के गाने पाकिस्तान में तमाम बंदिशों के बावजूद वहां के लोग भी बहुत पसंद करते हैं। बॉलीवुड के कुछ सुपरस्टार पाकिस्तान के घर-घर में जाने-पहचाने नाम हैं और उनके गाने खूब सुने जाते हैं। पाकिस्तान के कराची के लियाकताबाद पुलिस स्टेशन के एक दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) को बॉलीवुड के गाने पर डांस करना बहुत भारी पड़ गया। उसे नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया।
समाचार पत्र एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, कराची के लियाकताबाद पुलिस स्टेशन में आबिद शाह सब-इंस्पेक्टर के तौर पर तैनात हैं। आबिद शाह अपने पहले निलबंन होने के बाद वह वापस ड्यूटी पर बहाल हुए थे। जिसके बाद दारोगा सादे कपड़ों में अपने दोस्तों के साथ बॉलीवुड के हिट गाने 'दिलबर-दिलबर होश ना खबर है' पर डांस करके खुशी मना रहे थे।
आबिद शाह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया से ही यह वीडियो पुलिस के बड़े अधिकारियों तक पहुंच गया, जब उन्होंने इस वीडियो को देखा तो दारोगा को फिर एक बार तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दिलचस्प बात यह है कि पहले निलंबन से बहाली के बाद आबिद शाह और दोस्तों की ओर से यह जश्न मनाया जा रहा था। आबिद शाह का पहले भी किसी और आरोप के चलते निलंबन हुआ था। निलंबन खत्म होकर आबिद शाह की ड्यूटी पर बहाली हुई थी और वे काफी खुश थे। लेकिन उनकी एक गलती की वजह से वे दोबारा निलंबित कर दिए गए।