पाकिस्तान के क्वेटा में सोमवार को एक पुलिस वाहन के पास विस्फोट हुआ। धमाके में चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, धमाका क्वेटा के शहराह-ए-इकबाल इलाके में हुआ। इससे आसपास की कई कारों और मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा है। सभी मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। विस्फोट में मारे गए लोगों में एक नाबालिग लड़की भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना क्वेटा के शहराह-ए-इकबाल क्षेत्र के कंधारी बाजार के पास खड़े पुलिस के एक वाहन के पास हुई। एसएसपी (अभियान) कैप्टन (सेवानिवृत्त) जोहैब मोहसिन ने बताया कि बम विस्फोट के निशाने पर पुलिस का वाहन था। विस्फोटक एक मोटरसाइकिल में लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
इस विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि कम से कम 18 लोग घायल हो गए। साथ ही इस विस्फोट की वजह से आसपास के क्षेत्र में कई कारें और मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। मोहसिन ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल क्वेटा ले जाया गया।