जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। जहां एक तरफ भारत सरकार ने आतंकियों के पनाहगाह पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है। वहीं दूसरी ओर पड़ोसी पाकिस्तान भी लगातार गीदड़भभकी दे रहा है। इसी बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) मुख्यालय का दौरा किया, जहां उन्हें भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और खतरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें:- पहलगाम हमला: 'भारत की कूटनीति के सामने पाकिस्तान ने फिर मुंह की खाई', UNSC की बंद कमरे में बैठक पर अकबरुद्दीन
सेना की तैयारी मजबूत करने पर जोर
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ ने राष्ट्रीय सतर्कता बढ़ाने, एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और हर तरह के खतरे से निपटने के लिए सेना की तैयारी मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए किसी भी उल्लंघन का करारा जवाब देने की बात कही। वहीं बीते कुछ दिन पहले ISI प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद असीम मलिक को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।