इमरान खान पर पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों सहित कई धार्मिक नेता भी हमलावर हैं। उन्होंने इमरान सरकार को विफल करार दे दिया है। वहीं कई धार्मिक और राजनैतिक पार्टियां इमरान को सत्ता से हटाने के लिए बड़ी रैली करने की तैयारी में हैं।
पाकिस्तान में जारी राजनैतिक उठापठक के बीच इमरान का अपना देश छोड़कर दूसरे देशों की समस्याओं का समाधान करना कई लोगों को नागवार गुजर रहा है। वहीं कई रिपोर्ट्स के आधार पर कहा जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना भी इमरान का तख्तापलट करने की कोशिश में लगी हुई है।
तख्तापलट करने की कोशिशों में जुटी पाक सेना
हाल में ही चीन दौरे पर पहुंचे इमरान खान के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के दौरान बाजवा भी उनके साथ मौजूद थे। यह पहला मौका नहीं था जब बाजवा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के साथ विदेश दौरे पर गए। कुछ महीने पहले वह इमरान के साथ अमेरिका के दौरे पर गए थे। पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तानी मीडिया में ऐसी खबरें छपी कि जनरल बाजवा देश के मामलों में बड़ी भूमिका चाहते हैं। पाकिस्तानी आर्मी चीफ को हाल ही में तीन साल का सेवा विस्तार दिया गया है।
इससे पहले पाक सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा ने देश के बड़े कारोबारियों से निजी मुलाकात की थी। यह मुलाकात कराची के सैन्य कार्यालय के अलावा सेना के रावलपिंडी स्थित हेडक्वार्टर में आयोजित की गई, जहां पर बाजवा ने कारोबारियों से अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए सुझाव मांगे। विशेषज्ञों ने इसे एक तरह से सेना की तख्तापलट करने की तैयारी बताया था।