पाकिस्तान के सांसद और पूर्व आंतरिक सुरक्षा मंत्री रहमान मलिक एक बार फिर ट्वीट करने में गलती के चलते ट्रोल हो रहे हैं। कश्मीर मुद्दे पर ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि आज मैंने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि वो कश्मीर पर मोदी सरकार के फैसले का मामला आईसीसी में लेकर जाएं।
दरअसल, रहमान अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) लिखना चाह रहे थे लेकिन वो गलती से आईसीसी लिख बैठे। इसके बाद रहमान का ट्वीटर पर जमकर मजाक बना। हालांकि, रहमान ने अब वो ट्वीट डिलीट कर दिया है।
बता दें कि इससे पहले अनुच्छेद 370 पर ट्वीट करने को लेकर भी रहमान मलिक ट्रोल हो चुके हैं। रहमान मलिक ने पीएम मोदी और यूनाइटेड नेशन्स को ट्विटर पोस्ट पर टैग कर लिखा, आपके देश के ही नेता हैं, जो कश्मीर में हो रही हिंसा के बारे में ये सब कह रहे हैं, इन्हें सुनिए।
लेकिन इस ट्वीट में वो बड़ी गलती कर बैठे। उन्होंने यूनाइटेड नेशन्स के बजाय यूएनओ गेम्स को टैग कर दिया। इसके बाद यूजर्स ने उनको जमकर ट्रोल किया था। उन्होंने वो ट्वीट गुलाम नबी आजाद को जवाब के तौर पर लिखा गया था।