पाक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी
- फोटो : एएनआई
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी बुधवार को (स्थानीय समयानुसार) आतंकी हाफिज सईद को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दिए बिना ही चले गए। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर आयोजित सार्क देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में अपने संबोधन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगली सार्क बैठक पाकिस्तान में होगी, इसकी तारीख बाद में तय होगी।
दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने पाकिस्तान का हाल ही में एक अनुरोध मान लिया है। पाक ने अनुरोध किया था कि वैश्विक आतंकी हाफिज सईद को अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए उसे उसके बैंक खातों से राशि निकालने की अनुमति दे दी जाए।
बता दें संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति ने 15 अगस्त के एक पत्र में लिखा था कि उसे पाकिस्तान से एक पत्र मिला था, जिसमें सईद को कुछ खर्च चलाने के लिए उसे उसके जब्त बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति देने की मांग की गई थी। किसी सदस्य द्वारा इस अनुरोध पर आपत्ति न जताने के बाद पाक को इसकी अनुमति दे दी गई।
पाक ने भारतीय मीडिया पर लगाया आरोप
वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान ने भारतीय मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भारतीय मीडिया का एक खास हिस्सा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा हाफिज सईद को उसके बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति देने के मुददे का जबरदस्ती राजनीतिकरण कर रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने इस बारे में कहा कि इससे संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों को लागू करने के उसके प्रयास प्रभावित होंगे।