फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की दुनिया में गूंज; यूएई-जापान बोले- भारत-PAK जंग नहीं, शांति का रास्ता चुनें

Wed, 07 May 2025 04:47 AM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। वहीं भारत के इस कार्रवाई पर दुनियाभर के कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। आइए जानते है कि किसने क्या कहा..

विज्ञापन
ऑपरेशन सिंदूर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर हमला कर नेस्तनाबूद कर दिया। भारतीय सेना की तरफ से पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिनों के बाद ये कार्रवाई की गई है, जिसके बाद पाकिस्तान दहल उठा है। वहीं दूसरी ओर भारत के इस कार्रवाई पर दुनियाभर के कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है। जहां एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस तनाव के जल्दी खत्म होने की उम्मीद जताई है। वहीं दूसरी ओर सयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान से सैन्य संयम बरतने का आह्वान किया है। 

यूएई और जापान की भारत-पाक को सलाह

विज्ञापन

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और जापान ने गहरी चिंता जताई है। दोनों देशों ने संयम बरतने और शांति कायम रखने की अपील की है। यूएई के विदेश मामलों के उप प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को ऐसे किसी भी कदम से बचना चाहिए जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक शांति को खतरा हो। उन्होंने जोर दिया कि बातचीत और आपसी समझ से ही समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कूटनीति ही शांति और स्थिरता का सबसे प्रभावी रास्ता है और यूएई इस दिशा में हर कोशिश का समर्थन करता रहेगा।

जापान ने भी दी संयम रखने की सलाह
वहीं जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि उनकी सरकार भारत-पाकिस्तान के बीच स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही है। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की दोबारा निंदा की और चेताया कि अगर जवाबी कार्रवाइयां बढ़ती रहीं, तो यह पूर्ण युद्ध में बदल सकती हैं। हयाशी ने दोनों देशों से अपील की कि वे बातचीत के ज़रिए दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखें।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें:- Gujarat: 'पाकिस्तान को पूरी तरह से तबाह कर दो..', पहलगाम हमले में पति-बेटे को खोने वाली महिला की पीएम से अपील

अमेरिकी कांग्रेसी श्री थानेदार ने कहा- युद्ध समाधान नहीं
वहीं अमेरिकी कांग्रेसी श्री थानेदार ने कहा भारत की कार्रवाई को लेकर कहा कि युद्ध कभी समाधान नहीं होता, लेकिन जब इस तरह की आतंकवादी घटनाएं होती हैं, तो यह महत्वपूर्ण है कि आतंकवादियों को ढूंढा जाए, उन्हें दंडित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि आतंकवाद का समर्थन करने वाला कोई भी देश देखे कि ऐसी कार्रवाइयों के परिणाम होंगे और संयुक्त राज्य अमेरिका को शांतिपूर्ण देशों के पीछे खड़ा होना चाहिए और संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत को दुनिया भर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए सहयोग करना चाहिए।

पाकिस्तानी पीएम शरीफ ने सोशल मीडिया पर अपना रोना रोया
भारत के कार्रवाई पर पाकिस्तानी पीएम शहबाज ने न सिर्फ भारतीय स्ट्राइक की पुष्टि की, बल्कि इसे युद्ध वाला कदम करार दिया। दुनिया भर में जिल्लत झेल रहा पाकिस्तान ऐसे वक्त पर भी गीदड़भभकी देने से बाज नहीं आया। शहबाज ने लिखा कि पाकिस्तान के डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में पांच स्थानों पर हमले किए गए हैं।

शहबाद ने सोशल मीडिया पर अपना रोना रोते हुए कहा कि पाकिस्तान को इस युद्ध के कृत्य का जोरदार तरीके से जवाब देने का पूरा अधिकार है। इसका जवाब दिया जा रहा है। पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है। पूरे पाकिस्तानी राष्ट्र का मनोबल और भावना उच्च है। पाकिस्तानी राष्ट्र और पाकिस्तानी सशस्त्र बल जानते हैं कि इससे कैसे निपटना है। हम उनके इरादों में कभी सफल नहीं होने देंगे।'

ये भी पढ़ें:- Operation Sindoor: मॉक ड्रिल पर थी PAK की नजर, तभी भारत ने कर दिया ऑपरेशन सिंदूर; जानिए इस बारे में सब कुछ

पाकिस्तान के विदेश मंत्री की गीदड़भभकी
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई पर गीदड़भभकी दी है। उन्होंने कहा कि भारत की यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र चार्टर अंतरराष्ट्रीय कानून और देशों के बीच स्थापित नियमों का खुला उल्लंघन है। इशाक डार ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने एक बार फिर आतंकवाद का बहाना बनाकर खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश की है और झूठा नैरेटिव पेश किया है।

उन्होंने भारत पर क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया। साथ ही डार ने गीदड़भभकी देते हुए आगे कहा कि भारत की इस लापरवाह कार्रवाई से दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच बड़ा टकराव हो सकता है, जिससे पूरी दुनिया को खतरा हो सकता है।

अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई और रूस को दी गई जानकारी
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों ने अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई और रूस के अपने समकक्षों से बात की है। उन्हें भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

रूस ने भी की शांति और संयम की अपील
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके में की गई सैन्य कार्रवाई को लेकर रूस ने गहरी चिंता जताई है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने सरकारी समाचार एजेंसी TASS के हवाले से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव से हम बेहद चिंतित हैं। उन्होंने दोनों देशों से संयम बरतने और हालात को और बिगड़ने से रोकने की अपील की।इसके साथ ही रूस ने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद 1972 के शिमला समझौते और 1999 के लाहौर घोषणापत्र के तहत शांतिपूर्ण और कूटनीतिक तरीकों से हल होंगे।

ब्रिटेन के पीएम ने भी दी प्रतिक्रिया
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर ने बुधवार को कहा कि उनका देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना के हमलों के बाद तनाव कम करने और वार्ता करने के लिए दोनों देशों से बात कर रहा है। ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछे जाने के सत्र के दौरान स्टार्मर ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर बात की। हालांकि इससे पहले विदेश मंत्री डेविड लैमी ने एक बयान में कहा था कि वह दोनों देशों के अपने समकक्षों से “संयम” बरतने का आग्रह करने के लिए संपर्क में हैं।

विज्ञापन

डोनाल्ड ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के अंदर भारतीय हमलों पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पहली टिप्पणी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि हमने ओवल के दरवाजे से अंदर जाते ही इसके बारे में सुना। मुझे लगता है कि लोगों को अतीत के कुछ अंशों के आधार पर पता था कि कुछ होने वाला है। वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। अगर आप इसके बारे में सोचें तो वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। साथ ही अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वे भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।




ये भी पढ़ें:- Operation Sindoor: पहले सर्जिकल फिर एयर स्ट्राइक, अब ऑपरेशन सिंदूर; भारत के तीन प्रहारों से दहल उठा पाकिस्तान

एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों से किया सैन्य संयम' बरतने का आह्वान
भारत की कार्रवाई के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान से सैन्य संयम बरतने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती।महासचिव गुटेरेस  के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय सैन्य अभियानों को लेकर बहुत चिंतित हैं। वह दोनों देशों से अधिकतम सैन्य संयम बरतने का आह्वान करते हैं। दुनिया भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें