पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इस सैन्य अभियान में पाकिस्तान के कई एयरबेस को भी ध्वस्त कर दिया गया था। दस महीने गुजर जाने के बाद भी पाकिस्तान इन एयरबेस की मरम्मत नहीं कर पाया है। एक एयरबेस की ताजा तस्वीरें सामने आई हैं। सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि पाकिस्तान अब क्षतिग्रस्त हुए भोलारी एयरबेस के विमान हैंगर की मरम्मत शुरू कर रहा है। यह हैंगर मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ था।
हैंगर की छत पर हो रहा है काम
विश्लेषकों के मुताबिक, हालिया तस्वीरों में हैंगर की क्षतिग्रस्त छत को हटाते और ढांचे को पुनर्निर्माण के लिए तैयार करते श्रमिक साफ दिखाई दे रहे हैं। नई सेटेलाइट तस्वीरों में हवाई ठिकाने पर स्थित हैंगर की छत का एक बड़ा हिस्सा उखड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। भारतीय वायुसेना का मानना है कि भोलारी हवाई ठिकाने पर हमले में पाकिस्तानी वायुसेना का एयरबॉर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल एयरक्राफ्ट साब-2000 एरीआई नष्ट हो गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कंपनी वैंटर की तरफ से 28 जनवरी को ली गई तस्वीर में दिखाई देता है कि हैंगर की हरी रंग की छत के क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाया जा चुका है। हालांकि, बड़ा क्षतिग्रस्त हिस्सा अब भी वैसा ही है। छत का कुछ हिस्सा हटाना और मलबा साफ करना आमतौर पर एक लंबी बहाली प्रक्रिया का पहला चरण होता है जिसमें महीनों या साल भी लग सकते हैं। नई गतिविधि यह भी दिखाती है कि ऑपरेशन सिंदूर के नतीजे दोनों तरफ डिफेंस प्लानिंग को कैसे प्रभावित कर रहे हैं। पाकिस्तानी वायुसेना को इस ठिकाने को पूरी तरह चालू करने में वर्षों लग सकते हैं।
ये भी पढ़ें:
Epstein File: एपस्टीन के बेबी रैंच का खुलासा, यौन अपराधी ने बनाई थी अपने DNA से सुपर रेस मानव बनाने की योजना
भोलारी हैंगर में पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमान हुए थे तबाह!
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भोलारी में पाकिस्तानी वायुसेना के हैंगर को निशाना बनाया था, जहां उसके रडार और सर्विलांस विमानों के अलावा 3-4 आधुनिक लड़ाकू विमान भी तैनात थे। वहां नुकसान इतने बड़े पैमाने पर हुआ है कि अभी तक पाकिस्तान ने हैंगर से मलबा भी नहीं निकाला है। पाकिस्तानी पंजाब के एक एयरबेस पर इस तरह से हमला किया गया कि वहां से आठ घंटे तक पाकिस्तान का एक भी जहाज उड़ान नहीं भर सका।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं।