सूडान में पांच कुपोषित और बीमार अफ्रीकी शेरों को बचाने के लिए राजधानी के एक पार्क में ऑनलाइन मुहिम शुरू की गई। पांच शेरों को खार्तूम के अल-कुरैशी पार्क में पिंजरों में रखा गया है। ये शेर पिछले कई हफ्तों से भोजन और दवा की कमी से जूझ रहे हैं।
सूडान के मानवाधिकार वकील उस्मान सलीह ने फेसुबक पर इन शेरों के बारे में लिखा कि जब मैंने पार्क में इन शेरों को देखा तो मैं हिल गया। मैं इच्छुक लोगों और संस्थानों से उनकी मदद करने का आग्रह करता हूं। उन्होंने 'सूडान एनिमल रेस्क्यू' के तहत इन शेरों के लिए एक ऑनलाइन अभियान शुरू किया है। पांचों शेरों को किसी अच्छी जगह ले जाने की मांग भी की जा रही है।
पार्क के अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में शेरों की स्थिति काफी खराब हो गई है, कुछ के शरीर के वजन में लगभग दो-तिहाई की कमी हुई है। अल-कुरैशी पार्क के एक प्रबंधक ने कहा, इन शेरों के लिए खाना हमेशा उपलब्ध नहीं होता है, इसलिए अक्सर हम उन्हें अपने पैसों से खाना खिलाते हैं।
पार्क का प्रबंधन खार्तूम नगरपालिका द्वारा किया जाता है, लेकिन निजी दानदाताओं द्वारा भी इसका वित्त पोषित किया जाता है। भोजन की बढ़ती कीमतों और विदेशी मुद्रा की कमी के कारण सूडान आर्थिक संकट से गुजर रहा है।
रविवार को सोशल मीडिया पर शेरों की तस्वीर वायरल होने के बाद शेरों को देखने के लिए नागरिकों, स्वयंसेवकों और पत्रकारों की भीड़ पार्क में उमड़ पड़ी। एएफपी के एक संवाददाता ने बताया कि पांचों शेरों में से एक को रस्सी से बांधा गया था और एक ड्रिप के माध्यम से तरल पदार्थ दिया जा रहा था।
पार्क के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पार्क की मौजूदा स्थिति भी जानवरों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। पार्क में देखभाल करने वालों में से एक मोताज महमूद ने कहा कि वे गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। वे बीमार हैं और कुपोषित दिखाई देते हैं।
यह स्पष्ट नहीं है कि सूडान में कितने शेर हैं, लेकिन कहा जाता है कि कई इथियोपिया के साथ सीमा पर स्थित डिंडर पार्क में मौजूद हैं। अफ्रीकी शेरों को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संगठन (आईयूसीएन) द्वारा असुरक्षित प्रजातियों के रूप में वर्गीकृत किया गया है।