मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाल जवान
- फोटो : ANI
उड़ी हमले को लेकर विश्व समुदाय भारत के साथ खड़ा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि अपराध को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी। अमेरिका और ब्रिटेन ने भी हमले की निंदा की है तो फ्रांस और कनाडा ने भी कहा है कि वे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़े हैं। फ्रांस ने कहा है कि कश्मीर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र ने बयान जारी कहा है, ‘संयुक्त राष्ट्र महासचिव उम्मीद करते है कि इस हमले को अंजाम देने वालों की पहचान कर उन्हें सजा दी जाएगी और इस मामले के सभी संबंधित पक्षकार शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपनी जिम्मेदारियों को निभाएंगे।’ बयान में आगे कहा गया है, ‘संयुक्त राष्ट्र इन बदलावों पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में रहने वाले लोगों की शांति से जुड़ी चिंताओं में साझीदार है।’
अमेरिका ने भी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मिलकर मुकाबला करने के अपने वचन पर प्रतिबद्ध है और हमले में मार गए सैनिकों के परिवारवालों के साथ है।
ईरान के राष्ट्रपति हसन रोहानी के बाद गुटनिरपेक्ष आंदोलन की अध्यक्षता संभालने वाले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा, ‘आतंकी गतिविधयों को प्रसार देने वाले, जिंदगियों का सम्मान नहीं करने वाली इस समस्या के जड़ तक जाने तक के मामले में अपने अपने भाई समान लोगों के प्रति प्रतिबद्ध हैं।’