रूस ने तनाव कम करने में मदद की पेशकश की
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने ईरानी समकक्ष सैयद अब्बास अघारची से फोन पर बात की और इस्राइल के हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए रूस मदद करने के लिए तैयार है। रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूस ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए काम करना जारी रखने के लिए तैयार है।
ईरानी हमले में तीन लोगों की मौत
इससे पहले, इस्राइल के हमलों के जवाब ने ईरान ने शुक्रवार की देर रात से शनिवार तड़के तक तेल अवीव और यरूशलम समेत इस्राइल के कई शहरों पर 200 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इसमें एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हुए। सात इस्राइली सैनिक भी घायल हुए हैं। वहीं, तेहरान में, ईरानी सरकारी टीवी ने बताया कि एक आवासीय परिसर पर हुए हमले में 20 बच्चों सहित लगभग 60 लोग मारे गए हैं। इस्राइल के दो दिन के हमले में ईरान में 138 लोग मारे गए हैं और 320 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मारे गए लोगों में ईरान के सेना प्रमुख समेत 20 सैन्य कमांडर और छह परमाणु वैज्ञानिक भी शामिल हैं।
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
ईरान, इस्राइल और फलस्तीन में भारतीय दूतावास और प्रतिनिधि कार्यालय ने वहां रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ईरान और इस्राइल में बढ़ते टकराव के बीच भारतीयों से सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। साथ ही सुरक्षा सलाहों को मानने को कहा है। भारतीयों की मदद के लिए इमरजेंसी नंबर भी जारी किए हैं और किसी भी आपात स्थिति में संपर्क करने की सलाह दी है।
ईरान ने मिसाइलें दागना जारी रखा तो उसे जलाकर खाक कर देंगे : इस्राइली रक्षा मंत्री
इस्राइल और ईरान के बीच शनिवार को दूसरे दिन भी टकराव जारी रहा। इस्राइल के परमाणु ठिकानों पर हमले के जवाब में ईरान ने शुक्रवार की रात तेल अवीव और यरूशलम समेत कई इस्राइली शहरों पर 150 से अधिक मिसाइलें दागीं। इस्राइल ने इनमें से ज्यादातर को हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन कुछ निशाने पर गिरी भीं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस्राइल ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने मिसाइल हमले बंद नहीं किए तो उसे जलाकर राख कर देंगे।
इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने मिसाइलें दागना जारी रखा, तो तेहरान जल जाएगा। ईरान को इस्राइली नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। शनिवार को इस्राइली सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान में और ठिकानों को निशाना बनाने की धमकी देते हुए शनिवार को कहा कि उसके लड़ाकू विमान हमले कि लिए तैयार हैं।