ओमान के अल बतिनाह में आई अचानक बाढ़ में केरल के एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब उनकी गाड़ी पानी के तेज बहाव में बह गई। कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर ओमान सरकार के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने की अपील की है।
Oman Flash Flood: जंग झेल रहे ओमान में आफत की बारिश ने हाल बेहाल कर दिया है। अचानक आई बाढ़ की वजह से अब तक 18 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। इनमें केरल के रहने वाले दंपती भी शामिल हैं। वहीं, एक महिला अब भी लापता बताई जा रही हैं।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ओमान के अल बतिनाह गवर्नर के पास एक वाहन अचानक आए मूसलाधार पानी की चपेट में आ गया। चश्मदीदों के मुताबिक, पानी का बहाव इतनी तेजी से आया कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस त्रासदी में यूसुफ और शामला नामक दंपती की जान चली गई। वहीं, रामला नाम की एक महिला अभी भी लापता हैं। हालांकि, ओमान पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।
पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
ओमान से दुखद खबर सामने आने के बाद केरल के कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने पीएम मोदी से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ओमान के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित करे, जिससे राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके।
सतीशन ने अपने पत्र में कहा कि लापता महिला रामला की तलाश के लिए चलाए जा रहे 'सर्च ऑपरेशन' को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में भारी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही साथ, मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।
अरब देशों में बदलता मौसम
ओमान जैसे देशों में अचानक आने वाली बाढ़ बेहद खतरनाक होती है। पहाड़ों पर होने वाली बारिश का पानी सूखी घाटियों से होता हुआ कुछ ही मिनटों में रिहायशी इलाकों और सड़कों तक पहुंच जाता है। त्रिथला का यह परिवार भी इसी जल प्रलय का शिकार हुआ है।