रूस-यूक्रेन युद्ध और इस्राइल हमास युद्ध को लेकर दुनिया चिंतित है। वहीं आर्थिक संकट पूरे विश्व को डरा रहा है। दुनिया के विभिन्न देशों में क्या कुछ घटा और उसका क्या है वैश्विक असर...दुनिया से जुड़े सभी अपडेट यहां पढ़ें।
उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच की तनातनी किसी से छिपी नहीं है। अब उत्तर कोरिया ने कुछ ऐसा किया है, जिसके लिए उसकी तीखी आलोचना हो रही है। दरअसल उत्तर कोरिया की तरफ से बड़े-बड़े गुब्बारों के साथ कुड़े के पैकेट दक्षिण कोरिया भेजे गए हैं। दक्षिण कोरियाई सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 260 गुब्बारों के साथ भारी मात्रा में कूड़ा दक्षिण कोरिया पहुंचा। उन्होंने बताया कि उत्तर कोरिया की तरफ से ये गुब्बारे उड़ाए गए थे, जो दक्षिण कोरिया के सीमाई इलाकों के साथ ही राजधानी सोल और देश के दक्षिण पूर्वी प्रांत ग्येंगसेंग में गिरे।
विज्ञापन
दक्षिण कोरियाई सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि गुब्बारों के साथ जो कूड़ा आया, उसमें प्लास्टिक की बोतलें, खराब जूतों के हिस्से और कीचड़ थी। दक्षिण कोरियाई सेना फिलहाल जांच में जुटी है। दक्षिण कोरिया की सेना का कहना है कि उत्तर कोरिया की यह कार्रवाई साफ तौर पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है और यह हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। दक्षिण कोरियाई सेना ने उत्तर कोरिया को चेतावनी दी कि वह इस अमानवीय कृत्य और नीच हरकत को बंद कर दे।
श्रीलंका से पकड़े गए आईएसआईएस के दो संदिग्ध
श्रीलंका पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। कथित तौर पर इन दोनों का खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंध है। श्रीलंका के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र से यह गिरफ्तारी हुई है। गौरतलब है कि गुजरात की आतंकरोधी पुलिस ने भी हाल ही में श्रीलंका से आए चार संदिग्ध आईएसआईएस के आतंकियों को गिरफ्तार किया था। चारों संदिग्ध अहमदाबाद एयरपोर्ट से पकड़े गए थे। अब भारत और श्रीलंका की पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों देशों में पकड़े गए आईएसआईएस आतंकियों का आपस में कुछ संबंध है या नहीं। श्रीलंकाई जांच एजेंसियों को शक है कि इन संदिग्धों का हैंडलर भी ओसमंद गेरार्ड हो सकता है। श्रीलंका पुलिस ने हैंडलर का पता बताने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
भारतीय मूल के सर्जन पर लगे यौन शोषण का आरोप
ब्रिटेन में एक भारतीय मूल के सर्जन पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। आरोपों को बाद डॉक्टर को नौकरी से निकाल दिया गया है। उत्तर पश्चिमी इंग्लैंड में स्थित ब्लैकपूल विक्टोरिया अस्पताल के पूर्व सर्जन अमाल बोस (54 वर्षीय) के खिलाफ नेशनल हेल्थ सर्विस ट्रस्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में कहा गया कि डॉ. अमाल बोस ने अस्पताल की कई महिला कर्मचारियों का यौन शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। जिसके बाद छह महिला कर्मचारियों ने डॉक्टर पर यौन शोषण के 14 मामले दर्ज कराए हैं। यौन शोषण की घटनाएं साल 2017 से 2022 के बीच हुईं। फिलहाल आरोपी डॉक्टर जमानत पर बाहर है और उसे मामले की अगली सुनवाई 7 जून को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
थाइलैंड के पूर्व पीएम के खिलाफ चलेगा मुकदमा
थाइलैंड के पूर्व पीएम थाकसिन शिनेवात्रा पर थाइलैंड के शाही परिवार के अपमान का आरोप लगा है। थाकसिन शिनेवात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, थाकसिन शिनेवात्रा ने साल 2015 में दक्षिण कोरिया के एक अखबार को दिए इंटरव्यू में शाही परिवार का कथित तौर पर अपमान किया था। अब 18 जून को थाकसिन शिनेवात्रा को अटॉर्नी जनरल के कार्यालय में पेश होना होगा, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। थाकसिन साल 2001 से लेकर साल 2006 तक सेना के तख्तापलट तक थाइलैंड के प्रधानमंत्री रहे थे। इसके बाद वे देश छोड़कर चले गए थे और 15 साल स्वनिर्वासन में बिताने के बाद बीते साल नाटकीय घटनाक्रम में फिर थाइलैंड लौटे। थाकसिन ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
ब्राजील ने अपने राजदूत को इस्राइल से वापस बुलाया
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने इस्राइल से अपने देश के राजदूत को वापस बुला लिया है। लूला ने गाजा युद्ध के चलते यह फैसला किया है। लूला गाजा युद्ध की आलोचना करते रहे हैं।
भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, म्यांमार में आए भूकंप की तीव्रता 5.6 रिक्टर स्केल थी। भूकंप का केंद्र जमीन के 110 किलोमीटर नीचे था। म्यांमार बुधवार शाम को भूकंप के झटकों से दहला। हालांकि गनीमत ये रही कि इस भूकंप में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। इससे पहले बीती 1 मई को अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।