डोनाल्ड ट्रंप-किम जोंग उन (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
उत्तर कोरिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी अमेरिका के साथ परमाणु मसले पर बातचीत में तब तक कोई रुचि नहीं है जब तक कि वह अपनी शत्रुतापूर्ण सैन्य हरकतों को नहीं रोकता है। इस बीच उत्तर कोरिया ने चेतावनी भी दी कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका द्वारा खतरनाक और असामान्य सैन्य कदम कोरियाई प्रायद्वीप में नया शीतयुद्ध शुरू कर देगा। इस तरह प्रायद्वीप में दोबारा तनाव देखा जा रहा है।
उत्तर कोरियाई सरकारी समाचार एजेंसी ने विदेश मंत्रालय प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि दक्षिण कोरिया ने अमेरिका के साथ हाल ही में संपन्न संयुक्त सैन्य अभ्यास के बाद वाशिंगटन से अत्याधुनिक टोही लड़ाकू विमान एफ-35-ए खरीदने का समझौता किया है। प्रवक्ता ने कहा कि यह एक गंभीर उकसावे की कार्रवाई है और कोरियाई प्रायद्वीप में दोनों बक्षों के बीच संयुक्त घोषणाओं व सैन्य समझौतों का खुले तौर पर उल्लंघन है।
बता दें कि अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्य युद्धाभ्यास के विरोध में उत्तर कोरिया छह मिसाइल परीक्षण कर टकराव बढ़ा चुका है। प्रवक्ता ने कहा, ‘अमेरिकी सैन्य कदम कोरियाई प्रायद्वीप में स्थायी और टिकाऊ शांति के लिए संवाद की गतिशीलता को कम कर रहे हैं और उत्तर कोरिया को भौतिक निरोध को मजबूत करने के लिए यथार्थवादी तरीका अपनाने को मजूबर करते हैं।’’