मलयेशिया के गृहमंत्री मुहियुद्दीन यासीन ने जाकिर नाइक को लेकर एक बयान दिया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक गृहमंत्री ने कहा है, "कानून से ऊपर कोई नहीं है, डॉक्टर जाकिर नाइक भी नहीं"।
बता दें हाल ही में मलयेशिया की सरकार ने भड़काऊ बयान देने के कारण विवादित उपदेशक जाकिर नाइक के भाषणों पर भी रोक लगाई है। अब उसे किसी भी प्रकार के भाषण देने की अनुमति नहीं है। सरकार के इस फैसले से पहले जाकिर नाइक ने बयान दिया था कि मलेशिया में रहने वाले हिंदु मलयेशियाई प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से ज्यादा नरेंद्र मोदी के वफादार हैं।
जिसके बाद मलयेशिया के मानव संसाधन मंत्री एम कुलासेगरन ने कहा था कि हिंदुओं पर सवाल उठाने वाले जाकिर नाइक पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
एम कुलासेगरन ने कहा था कि जाकिर नाइक एक बाहरी व्यक्ति है, जो एक भगोड़ा है और उसे मलयेशियाई इतिहास की बहुत कम जानकारी है, इसलिए उसे मलयेशियाई लोगों को नीचा दिखाने जैसा विशेषाधिकार नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि जाकिर नाइक का यह बयान किसी भी तरह से मलयेशिया के स्थायी निवासी होने के पैमाने पर खरा नहीं उतरता है।
जाकिर नाइक पहले भी अपने विवादित बयानों को लेकर खबरों में बना रहा है। भारत से भागने के बाद से जाकिर नाइक मलयेशिया में रह रहा है। जाकिर नाइक पर मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप हैं।