अमेरिका के एक शीर्ष राजनयिक ने कहा कि वॉशिंगटन के पास इस बात के कोई सुबूत नहीं हैं कि भारत ईरान पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है।
ईरान के लिए विशेष अमेरिकी प्रतिनिधि ब्रायन हुक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमारे पास इस बात के कोई सबूत नहीं हैं कि भारत अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है।
हुक संवाददाताओं के उस प्रश्न का उत्तर दे रहे थे कि भारत चाबहार बंदरगाह के जरिए अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है, जो वह अफगानिस्तान के विकास के लिए ईरान में बना रहा है।
हुक से संवाददाता ने पूछा कि भारत चाबहार (ईरान) से अपनी खेप भेजता है और फिर इसे अफगानिस्तान भेजा जाता है। भारत को चाबहार का इस्तेमाल करने से रोकने का भी अमेरिकी दबाव है। तो आप इसका अफगानिस्तान को विकसित करने की अपनी योजनाओं के साथ कैसे सामंजस्य स्थापित करते हैं?
हुक ने इसके जवाब में कहा कि मैं उन सबूतों से वाकिफ नहीं हूं आप जिनका हवाला दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं कर रहा है।