फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kamala Harris: 'त्वचा के रंग और लिंग को लेकर कमला हैरिस पर हमला करना सही नहीं', निक्की हेली की नसीहत

Fri, 26 Jul 2024 10:47 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

सार

निक्की हेली ने कहा कि 'कमला हैरिस पर निजी हमलों से मदद नहीं मिलेगी। कमला हैरिस ने बहुत कुछ नहीं किया है। आपको इस बारे में बात करने की जरूरत नहीं है कि वह कैसी दिखती हैं या उनका लिंग क्या है।' 
विज्ञापन
कमला हैरिस और निक्की हेली - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रिपब्लिकन पार्टी की वरिष्ठ नेता निक्की हेली ने अपनी पार्टी के नेताओं को नसीहत दी है कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के त्वचा के रंग और उनके लिंग के आधार पर उन पर हमले करना सही नहीं है। निक्की हेली ने कहा कि निजी हमलों के बजाय कमला हैरिस को नीतियों के मुद्दे पर घेरा जाना चाहिए। एक इंटरव्यू के दौरान निक्की हेली ने कहा कि 'कमला हैरिस पर निजी हमलों से मदद नहीं मिलेगी। हम एक उदारवादी सीनेटर के बारे में बात कर रहे हैं, जिन्होंने बहुत कुछ नहीं किया है। आपको इस बारे में बात करने की जरूरत नहीं है कि वह कैसी दिखती हैं या उनका लिंग क्या है। अमेरिकी लोग कहीं ज्यादा समझदार हैं।'
विज्ञापन


'कमला हैरिस फलस्तीन के समर्थन में हो रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करती हैं'
निक्की हेली से कमला हैरिस पर हो रहे निजी हमलों को लेकर सवाल किया गया था, जिसके जवाब में हेली ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि 'हमें इस बारे में सवाल उठाने चाहिए कि कमला हैरिस कर्ज चुकाने के बारे में बात नहीं करतीं। वह टैक्स बढ़ाना चाहती हैं। ये बात अमेरिकी लोगों को बताई जानी चाहिए। इस तथ्य पर बात होनी चाहिए कि जब से जो बाइडन और कमला हैरिस ने सत्ता संभाली है, तब से उपभोक्ता मूल्य 19.5 प्रतिशत बढ़ चुके हैं। इस बारे में भी बात होनी चाहिए कि वह हमेशा फलस्तीन के समर्थन में हो रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करती हैं न कि हमारे मित्र राष्ट्र इस्राइल का। ऐसे कई मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर हम बात कर सकते हैं।'

नेतन्याहू से मुलाकात के बाद कमला हैरिस ने दिया था बड़ा बयान
गौरतलब है कि कमला हैरिस ने हाल ही में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कमला हैरिस ने साफ संकेत दिए कि वह इस्राइल द्वारा गाजा पर जारी हमलों का समर्थन नहीं करती हैं। उन्होंने कहा कि वह गाजा में मानवीय आपदा के मौजूदा हालात पर चुप नहीं रहेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि 'इस्राइल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है, लेकिन वह ये कैसे करता है, यह मायने रखता है।' 
विज्ञापन


रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के दावेदार जेडी वेंस का भी एक पुराना वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें वेंस ने कमला हैरिस और डेमोक्रेट पार्टी की कई अन्य महिला नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे लेकर वेंस की आलोचना हो रही है। निक्की हेली के ताजा बयान को इसी संदर्भ में जोड़कर देखा जा रहा है। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें