जापान की राजधानी टोक्यो में चल रही क्वाड की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के नए प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों देशों के नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र, व्यापार, ऊर्जा और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता से इतर ऑस्ट्रेलिया के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भारत के साथ संबंधों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत के साथ हमारा संबंध बहुत महत्वपूर्ण हैं और दोनों देशों के बीच संबंध कभी इतने अधिक घनिष्ठ नहीं हुए जितने कि अभी हैं।
विज्ञापन
पीएम मोदी से मिलना सम्मान की बात: अल्बानीज
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि भारत के साथ हमारा रिश्ता बहुत महत्वपूर्ण है और प्रधानमंत्री मोदी से मिलना एक बड़े सम्मान की बात है। वहीं पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री अल्बनीज को चुनावी जीत पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा निर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कृषि अनुसंधान, खेल और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत बहुआयामी सहयोग की समीक्षा की।
पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को भारत आने का दिया निमंत्रण
दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति को जारी रखने की अपनी इच्छा की पुष्टि की। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को जल्द से जल्द भारत आने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा ऑस्ट्रेलिया और भारत के पूर्ण रणनीतिक और आर्थिक एजेंडे पर केंद्रित थी, जिसमें स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी शामिल है।