सार
सोमवार की शाम न्यूयॉर्क के मिडटाउन मैनहट्टन की चमचमाती इमारत अचानक गोलियों की गूंज से दहल उठी। ये हमला इतना घातक था कि पांच लोगों की मौत और दर्जनों दिलों में डर छोड़ गया। हमलावर 27 वर्षीय शेन तामुरा ने जैसे ही लॉबी में गोली चलाई, हर मंजिल पर सन्नाटा पसर गया। कर्मचारी टेबल और सोफों से दरवाज़े बंद कर छिपते रहे। कुछ की आंखों में आंसू थे, कुछ के होंठों पर दुआ।
गोलीबारी के दौरान अपने आप को सुरक्षित करते कर्मचारी
- फोटो : एक्स@SpencerHakimian
अमेरिका के न्यूयॉर्क में सोमवार की शाम को मिडटाउन मैनहट्टन की एक गगनचुंबी इमारत में अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक न्यूयॉर्क पुलिस अधिकारी और खुद हमलावर भी शामिल है। हमलावर की पहचान 27 वर्षीय शेन तामुरा के रूप में हुई है, जो लास वेगास का रहने वाला था। उसने पहले बिल्डिंग की लॉबी में पुलिस अफसर पर गोली चलाई और फिर 345 पार्क एवेन्यू की 33वीं मंजिल तक चला गया। वहां वह एक ऑफिस में छिप गया।
ऑफिसों में डर का माहौल
अचानक से हुई इस गोलीबारी के चलते बिल्डिंग में काम कर रहे कर्मचारी डर के मारे ऑफिस के दरवाजों को फर्नीचर से बंद कर छिपने लगे। कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिनमें दिख रहा है कि लोग सोफा, टेबल और डेस्क को दरवाजों के सामने लगाकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- Manhattan Shooting: अमेरिका में गोलीबारी के दौरान पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की मौत, मैनहट्टन के ऑफिस की घटना
चश्मदीदों ने बताया डरावना मंजर
गोलीबारी के बाद लोग डर के मारे इधर-उधर छूपने लगे। ऐसे में अपना काम खत्म कर घर जाने की तैयारी कर रहे शाद साकिब ने उस पल के भयावह मंजर को बताया। उन्होंने कहा कि अचानक एक ऐलान हुआ कि सभी लोग वहीं रुकें और कहीं न जाएं। पहले तो किसी को समझ नहीं आया, लेकिन फिर ऑनलाइन खबर मिली कि कोई मशीनगन लेकर बिल्डिंग में घुस गया है। एक महिला ने बताया कि हमलावर हर मंजिल पर गया। महिला ने बताया कि मैं अंदर थी, बहुत डर लग रहा था। एक दूसरी महिला रोती हुई बिल्डिंग से बाहर निकली।
हाई-प्रोफाइल लोकेशन पर हुआ हमला
बता दें कि यह बिल्डिंग न्यूयॉर्क की व्यस्त जगह पार्क एवेन्यू पर है, जहां ब्लैकस्टोन, केपीएमजी और नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) जैसे बड़े संस्थान के ऑफिस हैं। हालांकि अब पुलिस ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है और हमलावर मारा जा चुका है।
ये भी पढ़ें:- Conflict: 'भुखमरी हकीकत है, हम पहुंचाएंगे खाना', ट्रंप ने गाजा में भुखमरी को लेकर नेतन्याहू के दावे को नकारा
भावुक कर देने वाली प्रतिक्रिया
इस घटना पर न्यूयॉर्क सिटी में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट मेयर पद के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि मिडटाउन में हुई भयावह गोलीबारी की खबर से दिल टूट गया है। पीड़ितों, उनके परिवारों और उस बहादुर एनवाइपीडी अधिकारी के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।