फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

अमेरिका: न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग ने 37 साल के नेवी सील को अधिक उम्र का बताकर अयोग्य ठहराया

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Shilpa Thakur Updated Tue, 14 May 2019 03:40 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
शॉन देनोवन - फोटो : social media

अमेरिका में 37 साल के नेवी सील को अधिक उम्र का बताकर न्यूयॉर्क शहर के अग्निशमन विभाग ने अयोग्य ठहरा दिया है। लेकिन अब देशभर के अग्निशमन विभाग शॉन देनोवन को काम देने के लिए राजी हैं। बता दें सील वो टीम होती है जो बड़े मिशन को अंजाम देती है। सील के कमांडो समुद्र, हवा और जमीन, तीनों जगह कारगर ढंग से अपने मिशन को अंजाम दे सकते हैं।



शॉन के वकील केविन केरॉल का कहना है कि नेवी सील्स के एक्टिव स्पेशल ऑपरेशन चीफ शॉन ने एफडीएनवाई के लिए आवेदकों के शीर्ष 1 फीसदी में स्कोर किया है। वह फिजिकल एग्जाम भी पास कर चुके हैं। लेकिन 2017  के बाद से भर्ती प्रक्रिया के लिए दो बार न्यूयॉर्क जाने के बाद भी एफडीएनवाई ने उन्हें न्यूनतम उम्र से छह महीना अधिक बताकर अयोग्य ठहरा दिया है।


शॉन वर्तमान में कैलिफोर्निया में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और वह 2020 में नेवी से सेवानिवृत होने के बाद न्यूयॉर्क जाने की उम्मीद कर रहे थे। उनके वकील का कहना है कि शॉन एरिजोना के टकसन में पले बढ़े हैं।


लेकिन उनका परिवार मूल रूप से स्टेटन आईलैंड का रहना वाला है। शॉन न्यूयॉर्क में अग्निमन विभाग में काम करने के इच्छुक हैं। उन्होंने अपनी जन्म तिथि 11 सितंबर, 1981 भी एफडीएनवाई और शहर के प्रशासनिक कर्मचारी को पहले भी दी है और टेस्ट देने के बाद भी दी है।


इस साल फरवरी माह में शॉन को विभाग की ओर से एक खत मिला था, जिसमें उम्र के कारण उनके आवेदन को अस्वीकृत किया गया। अब शॉन ने शहर के सिविल सर्विस कमीशन में एफडीएनवाई के निर्णय को लेकर अपील की है। उन्हें उम्मीद है कि जुलाई के अंत तक फैसला आ जाएगा। केलॉर का कहना है कि अगर फैसला पक्ष में नहीं आया तो वह संघीय अदालत में सिविल मुकदमा दायर करने के लिए तैयार हैं।


राज्य और शहर के नियमों के तहत एफडीएनवाई 29 साल से अधिक उम्र के लोगों के आवेदन को स्वीकार नहीं करता है, लेकिन अगर उम्मीदवार का बैकग्राउंड सेना से जुड़ा हो तो उसे इसमें छूट मिल सकती है। शॉन उन 22 सैनिकों में से एक हैं, जिन्होंने दमकलकर्मी के तौर पर काम करने के लिए लिखित परीक्षा दी थी। लेकिन उम्र अधिक होने के कारण उन्हें अयोग्य ठहरा दिया गया। हालांकि अब उन्हें अन्य अग्निशमन विभाग की ओर से ऑफर मिल रहे हैं। जिनमें से एक डेनवर अग्निशमन विभाग भी है। 


और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next