क्या न्यूयॉर्क की सबसे सुरक्षित इमारतों में से एक पर हमला किसी बड़ी आतंकी साजिश का हिस्सा था? न्यूयार्क में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 26 फेडरल प्लाजा स्थित सरकारी इमारत के बाहर एक शख्स ने अंधाधुंध पटाखे चलाए और सीढ़ियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस इमारत में आव्रजन अदालत और एफबीआई कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर हैं। एफबीआई के न्यूयॉर्क फील्ड ऑफिस के सहायक निदेशक जेम्स बार्नेकल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान एंड्रयू अराबाका के रूप में हुई है, जो एक पूर्व अमेरिकी सैनिक है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हमलावर के पास से क्या-क्या मिला और उसका इरादा क्या था?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी एंड्रयू अराबाका बेहद खतरनाक मंसूबों के साथ वहां पहुंचा था। बार्नेकल ने बताया कि वह लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के इरादे से हथियारों से लैस होकर आया था। पुलिस ने उसके पास से एक पेलेट गन (एयरसॉफ्ट राइफल), कई चाकू, एक हथौड़ा और एक धारदार हथियार बरामद किया है। उसने इमारत की तरफ एयरसॉफ्ट राइफल से पांच से सात पेलेट भी दागे। शुरुआती जांच के बाद एफबीआई अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह एक अमेरिका-विरोधी और सरकार-विरोधी चरमपंथी है। उसके पास से इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट विरोधी सामग्री भी मिली है।
यह भी पढ़ें: 'अमेरिकी सैनिकों की मौत का बड़ा बदला चुकाएगा ईरान': ट्रंप की खुली धमकी, क्या फिर धधक उठा है पश्चिम एशिया?
वारदात की पांच बड़ी बातें
- पूर्व सैनिक का खौफनाक कदम: न्यूयॉर्क की फेडरल बिल्डिंग के बाहर आग लगाने वाला आरोपी एंड्रयू अराबाका पूर्व अमेरिकी सैनिक निकला।
- घातक हथियारों का जखीरा: हमलावर के बैग से पेलेट गन, चाकू, हथौड़ा, माचे और ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया।
- सरकार विरोधी मानसिकता: एफबीआई ने आरोपी को पूरी तरह से अमेरिका-विरोधी और सरकार-विरोधी चरमपंथी करार दिया है।
- जांबाज सुरक्षाकर्मी ने दबोचा: सीढ़ियों पर आग लगाते ही मुस्तैद सुरक्षाकर्मी ने आरोपी को जमीन पर पटक कर हिरासत में ले लिया।
- हाई-प्रोफाइल निशाना: जिस 26 फेडरल प्लाजा इमारत को निशाना बनाया गया, वहां खुद एफबीआई का दफ्तर और इमिग्रेशन कोर्ट स्थित है।
ऐसे दबोचा गया आरोपी
यह घटना सुबह करीब 8:20 बजे की है। गृह सुरक्षा विभाग के अनुसार, आरोपी ने इमारत के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर गैसोलीन उड़ेलकर आग लगा दी। जैसे ही लपटें उठीं, वहां तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान एक राहगीर पटाखों की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गया, जबकि आरोपी को पकड़ने वाले सुरक्षाकर्मी को भी मामूली चोटें आई हैं। दमकल विभाग ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान म मदानी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे बेहद परेशान करने वाला बताया है। फिलहाल एफबीआई की ज्वाइंट टेररिज्म टास्क फोर्स इस पूरे मामले की जांच कर रही है।