फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका में राजनीतिक हिंसा का नया रूपः मैकॉनेल और पैलोसी बने निशाना

Sun, 03 Jan 2021 05:11 PM IST
Tanuja Yadav वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
विज्ञापन
Nancy Pelosi - फोटो : Social Media
विज्ञापन

अमेरिकी गैर सरकारी थिंक टैंक फंड फॉर पीस के फ्रेजाइल स्टेट्स इंडेक्स में पिछले साल अमेरिका का दर्जा गिरा था। ये सूचकांक विभिन्न पहलुओं पर देशों की स्थिरता के स्तर के आकलन के आधार पर तैयार किया जाता है। हाल में हुई घटनाओं से इस संस्था के आकलन की लगातार पुष्टि हुई है।

विज्ञापन


एक ताजा घटना में अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के नेता मिच मैकॉनेल और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता नैंसी पैलोसी के घरों पर हमले हुए। शनिवार को हुए इन हमलों से अमेरिका में सामाजिक स्थिरता के बारे में नकारात्मक धारणा और मजबूत होगी। अभी हाल तक अमेरिका में ऐसी घटनाएं कल्पना से भी बाहर समझी जाती थीं।


कोविड राहत पैकेज के तहत अमेरिकी नागरिकों को मिलने वाली रकम को 600 से बढ़ाकर 2000 डॉलर करने के प्रस्ताव को सीनेट में पारित ना होने देने के कारण मिच मैकॉनेल इन दिनों आलोचना का पात्र बने हुए हैं। शनिवार को केंटकी राज्य के लुइसविले शहर में उनके घर पर तोड़फोड़ की गई। उसके बाद वैसा ही हमला सैन फ्रांसिस्को में नैंसी पेलोसी के घर पर हुआ।
विज्ञापन


नैंसी पैलोसी और उनके साथी डेमोक्रटिक सांसदों ने 2000 डॉलर की सहायता के प्रस्ताव का समर्थन किया था। ये प्रस्ताव हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में पास भी हो गया। फिर भी उनके घर पर हुए हमले को रहस्यमय समझा जा रहा है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में रिपब्लिकन पार्टी के भी 44 सांसदों ने राहत रकम में वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया था। लेकिन मैकॉनेल ने सीनेट में इस प्रस्ताव पर चर्चा नहीं होने दी। बहुमत दल का नेता होने के नाते मैकॉनेल सीनेट के भी नेता हैं। प्रस्तावों पर चर्चा का क्रम तय करने का अधिकार सीनेट के नेता को ही होता है।

मैकॉनेल के घर पर हुई तोड़फोड़ के बाद वहां आए लोगों ने उनके घर पर लिख दिया कि ‘हमारा पैसा कहां है’ और ‘मिच गरीबों का हत्यारा है।’ पुलिस का कहना है कि घर को मामूली क्षति ही पहुंची लेकिन इस हमले का प्रतीकात्मक महत्त्व माना जा रहा है। हमले के समय मैकॉनेल और उनकी पत्नी एलिना चाओ घर पर थीं, या नहीं इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

एलिना चाओ देश की परिवहन मंत्री भी हैं। कैलिफोर्निया राज्य में पैलोसी के घर पर लाल रंग के पेंट से सुअर की तस्वीर बना दी गई। वहां यह भी लिखा गया कि ‘मकान किराया रद्द करो’ और ‘हम सब कुछ चाहते हैं।’ इस घटना के बाद मिच मैकॉनेल ने एक बयान में कहा- ‘मैं जीवन भर अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन (जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सुरक्षा देता है) और शांतिपूर्ण प्रतिरोध के अधिकार के लिए लड़ता रहा हूं।

केंटकी के लोग मुझे सहमत हों या नहीं, मैं उनके लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने के अधिकार को स्वीकार करता हूं। लेकिन ये हमला अलग प्रकार का है। हमारे समाज में गुंडागर्दी और भय की राजनीति की कोई जगह नहीं है। मैं और मेरी पत्नी ऐसे जहरीलों तौर-तरीकों से कभी भयभीत नहीं हुए हैं। हम सिर्फ यह उम्मीद कर रहे हैं कि लुइसविले में हमारे पड़ोसियों को इस रैडिकल ड्रामा से कोई परेशानी ना हुई हो।’






रिपब्लिकन पार्टी की केंटकी राज्य शाखा ने डेमोक्रेटिक पार्टी से मांग की है कि वह इस घटना की निंदा करे। उसके बाद राज्य के डेमोक्रेटिक गवर्नर एंडी बेशियर ने कहा कि गुंडागर्दी अस्वीकार्य है। यह निंदनीय भी है। लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि ये घटनाएं देश में तेजी से बढ़े राजनीतिक ध्रुवीकरण का नतीजा हैं। गुजरे महीनों में देश के कई शहरों में सड़कों पर राजनीतिक हिंसा का नजारा देखने को मिला है। अब ऐसा लगता है कि उसका निशाना बड़े नेता भी बनने लगे हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें