नीदरलैंड में एक नौका चालक दल के सदस्यों को मंगलवार को ब्रिटेन जा रहे एक जहाज के रेफ्रिजरेटर कंटेनर में 25 प्रवासी मिले। ये सभी लोग ब्रिटेन में शरण लेने के लिए जहाज पर सवार हुए थे। यह जानकारी आपातकालीन सेवाओं ने दी है। उन्होंने बताया कि इस जहाज को रोटेरडेम के पास वलार्दिंगेन के डच बंदरगाह पर देखा गया और तब यह पूरा मामला सामने आया। इसके बाद इस जहाज से दो लोगों को इलाज के लिए बंदरगाह से अस्पताल भेजा गया।
ब्रिटेन में एक रेफ्रिजरेटर कंटेनर से 39 लोगों का शव मिलने के बाद प्रवासियों के ब्रिटेन तक पहुंचने के इस तरीके ने दुनिया को हैरान कर दिया था। रोटेरडेम क्षेत्र की आपातकालीन सेवा ने ट्विटर पर बताया कि ‘जब हम जहाज पर पहुंचे तो हमने देखा कि कई लोग रेफ्रिजरेटर कंटेनर में बंद है। इसके बाद जहाज को बंदरगाह की तरफ वापस मोड़ दिया गया।’
उन्होंने बताया कि 25 लोगों को जहाज से बाहर निकाला गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। इससे पहले जहाज से संदेश आया था कि किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। अतिरिक्त चिकित्सा देखभाल के लिए दो लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मेडिकल जांच के बाद 23 लोगों को पुलिस स्टेशन भेज दिया गया।