इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन ने मौत की अफवाहों के बीच ईरान के लोगों को नए साल नवरोज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईरानियों को बहादुर बताया और उम्मीद जताई कि यह साल उनके लिए आजादी लेकर आएगा। यह संदेश इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के दौरान जारी किया गया है।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर विराम लगाते हुए ईरान की जनता के लिए एक खास संदेश जारी किया है। उन्होंने ईरान के आने वाले त्योहारों और फारसी नए साल नवरोज के लिए वहां के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। यह संदेश ऐसे समय में आया है जब इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध जारी है।
विज्ञापन
क्या बोले इस्राइली प्रधानमंत्री
नेतन्याहू ने ईरान के नागरिकों को बहादुर लोग कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'मैं हर साल की तरह इस बार भी आपको त्योहारों की बधाई देता हूं।' उन्होंने अपने संदेश में चहारशंबे सूरी का जिक्र किया, जो रोशनी और आग का एक प्राचीन ईरानी त्योहार है। नेतन्याहू ने कहा कि यह त्योहार ईरान के लोगों के उस पुराने विश्वास को दिखाता है कि रोशनी हमेशा अंधेरे को हरा देती है और अच्छाई की बुराई पर जीत होती है।
इस्राइली प्रधानमंत्री ने अपना यह संदेश अंग्रेजी में दिया, जिसमें फारसी भाषा के सबटाइटल्स (अनुवाद) भी लिखे थे। उन्होंने कहा कि इस साल इस त्योहार का एक खास मतलब है। उन्होंने आने वाले शुक्रवार को मनाए जाने वाले नौरोज के लिए भी बधाई दी। नेतन्याहू ने उम्मीद जताई कि यह नया साल ईरान के लोगों के लिए आजादी का साल साबित होगा और उनके जीवन में उम्मीद की एक नई शुरुआत लेकर आएगा।
यह वीडियो संदेश उन खबरों के बीच आया है जिनमें नेतन्याहू की सेहत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। इस संदेश के जरिए उन्होंने न सिर्फ अपनी मौजूदगी दिखाई, बल्कि युद्ध के माहौल में सीधे ईरान की जनता से जुड़ने की कोशिश भी की है।