Nepal Road Accident: नेपाल के मकवानपुर जिले में हुए एक सड़क हादसे में दो भारतीयों समेत छह लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त जीप में नौ लोग सवार थे, जो पहाड़ी सड़क से 100 मीटर नीचे खाई गिर गई, इसमें तीन लोग घायल हैं।
नेपाल के बागमती प्रांत में एक जीप के पहाड़ी सड़क से 100 मीटर नीचे गिरने से हुए हादसे में दो भारतीय नागरिकों समेत छह लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार को मकवानपुर जिले में हुई, जब वाहन काठमांडू से हेटौडा की ओर जा रहा था। दुर्घटना के समय वाहन में नौ लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
मृतकों में से चार की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों में से चार की पहचान हो चुकी है, जिनमें से दो भारतीय नागरिक हैं। बिहार के मूल निवासी भारतीय नागरिकों की पहचान रजनीश कुमार और अरविंद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।