नेपाल के पीएम प्रचंड की पत्नी सीता दहल।
- फोटो : ANI
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' की पत्नी सीता दहल का बुधवार को 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले काफी समय से बीमार थीं। आधिकारिक बयान के मुताबिक, उन्हें सुबह 8 बजे हृदयघात हुआ। इसके बाद कई कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और 8.33 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बताया गया है कि सीता दहल प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पाल्सी से पीड़ित थीं। इसके अलावा उन्हें पार्किंसन, डायबिटीज टाइप-2 और हाइपरटेंशन की भी शिकायत थी। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सीता दहल के निधन से बहुत दुखी हूं। मैं प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री प्रचंड और उनकी पत्नी सीता की बड़ी बेटी ज्ञानू दहल और बेटे प्रकाश दहल का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में प्रधानमंत्री प्रचंड और दो बेटियां, रेनू और गंगा हैं। रेनू वर्तमान में भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर के रूप में कार्यरत हैं।