नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अगले सप्ताह भारत के दो दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनका 22 और 23 नवंबर को नई दिल्ली आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वह 22 नवंबर को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचेंगे और अगले दिन काठमांडू लौट सकते हैं। हालांकि, नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, इस यात्रा को मंत्रिमंडल की औपचारिक मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, दौरे की तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। उन्होंने 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गए थे।
PM मोदी के साथ 30 मिनट की बैठक संभव
रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित कार्यक्रम में बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच करीब 30 मिनट की आमने-सामने की बैठक हो सकती है। इसके अलावा दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच भी विस्तृत बातचीत होगी। बैठक में भारत और नेपाल के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें अतिरिक्त हवाई मार्ग, बाढ़ प्रभावित इलाकों का पुनर्निर्माण और आपसी सहयोग बढ़ाने जैसे विषय शामिल हैं।
नेपाल ने मांगी है 2 अरब डॉलर की मदद
नेपाल लंबे समय से भारतीय हवाई क्षेत्र से अतिरिक्त प्रवेश मार्ग देने की मांग कर रहा है। इससे भैरहवा और पोखरा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की दूसरे देशों से कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी। इसके अलावा नेपाल बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए भारत से वित्तीय मदद चाहता है। रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अगस्त को भोटेकोशी-रसुवा गलियारे में आई भीषण बाढ़ के बाद नेपाल ने भारत से करीब 2 अरब डॉलर की सहायता मांगी है। इसमें अनुदान और कम ब्याज वाले कर्ज, दोनों तरह की मदद शामिल है।
बिजली और ऊर्जा सहयोग पर भी होगी बात
ऊर्जा क्षेत्र भी दोनों देशों की बातचीत का अहम हिस्सा हो सकता है। नेपाल भारत को बिजली का निर्यात बढ़ाना चाहता है। वहीं, भारत की नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र में निवेश करने में रुचि बढ़ रही है।
दोनों देशों के नए राजदूतों ने संभाली जिम्मेदारी
संभावित दौरे से पहले नेपाल के नए भारतीय राजदूत निश्चल नाथ पांडे ने सोमवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के सामने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसी दौरान चीन के लिए नियुक्त राजदूत कल्याण राज शर्मा और इजरायल के लिए नियुक्त राजदूत सुरेश कुमार कर्ण ने भी शपथ ली।
वहीं, नेपाल में भारत के नए राजदूत सुधाकर दलेला ने सोमवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की। विदेश मंत्री सचिवालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल संबंधों के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की और आपसी दोस्ती तथा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया।