फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal Election Results: नेपाल संसदीय चुनाव में 14 महिलाओं की जीत, आरएसपी ने 13 सीटों पर दर्ज की बड़ी सफलता

Mon, 09 Mar 2026 01:43 PM IST
Shivam Garg वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडू

सार

नेपाल के हालिया संसदीय चुनाव में 14 महिलाएं संसद के लिए चुनी गईं। इनमें से 13 सीटें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने जीतीं। हालांकि, संविधान में 33% महिला प्रतिनिधित्व का प्रावधान होने के बावजूद यह आंकड़ा अभी भी कम है।
विज्ञापन
नेपाल में चुनाव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल में हाल ही में संपन्न संसदीय चुनाव में 14 महिलाएं संसद के लिए चुनी गई हैं, जो कुल सीटों का करीब आठ प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। इनमें से 13 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने जीत दर्ज की है, जबकि एक सीट नेपाली कांग्रेस के खाते में गई है। यह आंकड़ा पिछले चुनावों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। वर्ष 2022 के चुनाव में केवल 9 महिला उम्मीदवार ही जीत पाई थीं, जो कुल सीटों का करीब 5.45 प्रतिशत थीं।

विज्ञापन


संविधान में 33% प्रतिनिधित्व का प्रावधान
नेपाल के संविधान में संसद में महिलाओं के लिए कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व का प्रावधान है, लेकिन अब तक राजनीतिक दल इस लक्ष्य को पूरा करने में सफल नहीं हो पाए हैं। प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के तहत इस बार 14 महिलाओं की जीत के साथ उनका प्रतिनिधित्व लगभग 8.48 प्रतिशत तक पहुंचा है।

नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीटें हैं। इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष चुनाव के जरिए चुने जाते हैं, जबकि 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के माध्यम से संसद में आते हैं।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें:- पश्चिम एशिया संकट के 10 दिन: हमलों से तबाही जारी; कैसे बढ़ता गया संघर्ष, किस दिन क्या हुआ, जानिए सबकुछ

प्रमुख जीतों में बड़े नेताओं को मिली हार
इस बार चुनाव में कई महिला उम्मीदवारों ने बड़े नेताओं को हराकर जीत हासिल की। इंदिरा रनमागर ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए सीपीएन-यूएमएल के नेता और भंग हुई प्रतिनिधि सभा के स्पीकर देव राज घिमिरे को 48,742 वोटों के अंतर से हराया। रनमागर को 60,110 वोट मिले, जबकि घिमिरे को 11,368 वोट प्राप्त हुए। इसी तरह रुबिना आचार्य ने नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शेखर कोइराला को बड़े अंतर से पराजित किया। आचार्य को 55,513 वोट मिले, जबकि कोइराला को 12,850 वोट मिले।

प्रचंड की बेटी को भी मिली हार
एक और महत्वपूर्ण मुकाबले में सोबिता गौतम ने नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ की बेटी रेनु दहल को हराया। गौतम को 59,277 वोट मिले, जबकि भरतपुर महानगर की मेयर पद से इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने वाली रेनु दहल को 20,615 वोट प्राप्त हुए।
विज्ञापन


अन्य महिला विजेता
इस चुनाव में जीत दर्ज करने वाली अन्य महिलाओं में निशा डांगी, आशा झा, पुष्पा कुमारी चौधरी, गौरी कुमारी, नीतिमा भंडारी, आशिका तामांग, रंजू न्यूपाने, तोशिमा कार्की, बीना गुरूंग और कोमल ग्यावली शामिल हैं। इसके अलावा 45 वर्षीय वासना थापा नेपाली कांग्रेस की ओर से जीतने वाली एकमात्र महिला उम्मीदवार रहीं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें