तैयार किया जा रहा है नया पीएम कार्यस्थल
नेपाल में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों के दौरान सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद कार्यालय में हुई आगजनी के बाद अब नए प्रधानमंत्री के लिए नया कार्यस्थल तैयार किया जा रहा है। यह नया कार्यालय भवन पहले गृह मंत्रालय के लिए बनाया गया था और अब इसे प्रधानमंत्री कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
सुरक्षा बलों और कर्मचारियों की टीम, जिसमें नेपाल आर्मी के सदस्य भी शामिल हैं, पुराने कार्यालय से बचा हुआ फर्नीचर और जरूरी सामान जैसे टेबल, कुर्सियां, कंप्यूटर आदि नए स्थान पर शिफ्ट कर रही है। बता दें कि हमले के पांच दिन बाद भी सिंहदरबार के मुख्य भवन के कुछ हिस्सों से धुआं उठ रहा है और परिसर में जले हुए वाहन, कागजात और अन्य सामान बिखरे हुए हैं।
ये भी पढ़ें:- Nepal: जेन-जी के विरोध प्रदर्शन से नेपाल सुप्रीम कोर्ट का बड़ा नुकसान, चीफ जस्टिस बोले- अहम दस्तावेज हुए नष्ट
शिक्षा मंत्रालय में सफाई अभियान शुरू
इस बीच, सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद शिक्षा सचिव चूड़ामणि पौडेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय में जुटे और मलबा हटाने का काम शुरू किया। यह मंत्रालय सबसे ज्यादा प्रभावितों में से एक है। अधिकारियों के अनुसार, मंत्रालय परिसर में खड़ी कई गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी हैं।
दफ्तरों का बुरा हाल, सफाई काम चालू
मंत्रालय के उप सचिव और प्रवक्ता शिव कुमार सापकोटा ने बताया कि कर्मचारियों को दफ्तर की सफाई और व्यवस्था बहाल करने के लिए सक्रिय किया गया है। साथ ही एक अलग टीम बनाई गई है जो वाहनों, कंप्यूटरों, फर्नीचर और अन्य उपकरणों के नुकसान का आंकलन करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिन जगहों पर इमारत को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, वहां काम जल्द शुरू हो जाएगा। साथ ही यह पहल अन्य मंत्रालयों को भी प्रेरित करेगी कि वे अपनी सेवाएं फिर से बहाल करने की दिशा में काम शुरू करें।