नेपाल के सुनसरी जिले में एक भीषण हादसा हुआ। यहां एक एंबुलेंस तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब एंबुलेंस में शिव माया नाम के व्यक्ति का शव उदयपुर जिले के गायघाट कस्बा स्थित उसके घर लेकर जाया जा रहा था।
‘हिमालयन टाइम्स’ ने उदयपुर के पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर बुधा के हवाले से कहा कि एंबुलेंस जिस ट्रक से टकराया वह बीरगंज से बिराटनगर जा रहा था। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस के चालक और शिव माया के दो बेटे सहित पांच रिश्तेदार हादसे में मारे गए।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक भी घायल हुआ है और उसका सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।