फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal: आगामी चुनावों की तैयारियां तेज, भारत के CEC को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में किया आमंत्रित

Thu, 17 Nov 2022 04:41 PM IST
Amit Mandal वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडो

सार

भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि कुमार 18 से 22 नवंबर तक नेपाल में राजकीय अतिथि के रूप में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
विज्ञापन
CEC Rajiv Kumar - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगामी चुनाव के मद्देनजर नेपाल ने भारत के अनुभव का लाभ उठाने का फैसला किया है। नेपाल के निर्वाचन आयोग ने भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार को उनके देश में प्रतिनिधि सभा और प्रांतीय विधानसभा के होने वाले आगामी चुनावों में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया है। नेपाल में संघीय संसद की 275 सीटों और सात प्रांतीय विधानसभाओं की 550 सीटों के लिए 20 नवंबर को चुनाव होना है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि कुमार 18 से 22 नवंबर तक नेपाल में राजकीय अतिथि के रूप में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

विज्ञापन


काठमांडू और आसपास के इलाकों में मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे सीईसी
इस दौरान कुमार काठमांडू और आसपास के इलाकों में मतदान केंद्रों का दौरा भी करेंगे। आयोग ने कहा कि ईसीआई का भी एक अंतरराष्ट्रीय चुनाव परिदर्शक कार्यक्रम है, जहां अन्य चुनाव प्रबंधन निकायों के सदस्यों को समय-समय पर होने वाले आम और विधानसभा चुनावों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

आयोग ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग अन्य चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) और संबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों व संघों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय विचार-विमर्श के माध्यम से दुनिया भर में लोकतंत्र के उद्देश्य को बढ़ावा देने में हमेशा सबसे आगे रहा है। साथ ही लोकतांत्रिक संस्थानों और प्रक्रियाओं को मजबूत करने की दृष्टि से हमेशा संपर्कों को बढ़ावा देने, ज्ञान के आदान-प्रदान करने और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने आदि को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया है।
विज्ञापन


ईसीआई के भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) ने क्षमता निर्माण पहल के हिस्से के रूप में अब तक 109 देशों के 2,200 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है, जिनमें नेपाल के 70 अधिकारी भी शामिल हैं। आईआईआईडीईएम में 13 से 24 मार्च, 2023 तक नेपाल चुनाव आयोग के 25 अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

1.7 करोड़ से अधिक मतदाता 
नेपाल के 7 प्रांतों में 1.7 करोड़ से अधिक मतदाता 20 नवंबर को मतदान करेंगे। संघीय संसद के कुल 275 सदस्यों में से 165 प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से चुने जाएंगे, जबकि शेष 110 आनुपातिक पद्धति के माध्यम से चुने जाएंगे। प्रांतीय विधानसभा के कुल 550 सदस्यों में से 330 सीधे चुने जाएंगे और 220 आनुपातिक पद्धति से चुने जाएंगे। 2017 के आम चुनावों में नेपाली कांग्रेस 63 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई और माओवादी केंद्र 53 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें