नेपाल सेना ने सोमवार को लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण लांगटांग क्षेत्र में फंसे 12 पर्वतारोहियों को सुरक्षित बचाया है। नेपाल सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार, सभी 12 व्यक्तियों को रसुवा जिले के स्याफ्रुबेसी लाया गया है। हालांकि, चार लोग बेरैंग खोला नदी में बह जाने के बाद लापता हैं और उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
चार पर्वतारोही लापता हुए
जानकारी के मुताबिक, कुल 16 लोगों का यह समूह काठमांडू से लांगटांग नेशनल पार्क क्षेत्र की ओर ट्रेक पर निकला था। शनिवार को लगातार बारिश के बाद एक तेज बहाव वाले झरने में बह जाने से चार पर्वतारोही संस्कृति श्रेष्ठ (26), किसन श्रेष्ठ (25), सनिता श्रेष्ठ (26) और रवि श्रेष्ठ (23) लापता हो गए। इनमें से तीन एक ही परिवार के सदस्य हैं और सभी भक्तपुर जिले के रहने वाले हैं।
गर्भवती महिलाओं को बचाया
नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। इसके अलावा, नेपाल सेना ने इलाम जिले में बारिश और सड़क अवरोध के कारण फंसी चार गर्भवती महिलाओं को भी हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बचाया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
50 से ज्यादा की मौत
शनिवार और रविवार को देशभर में बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से कम से कम 46 लोगों की मौत हुई है। वहीं, रविवार को पंचथर जिले में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इस बीच, काठमांडू घाटी में मौसम सुधरने के बाद जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। सोमवार को राजधानी में बारिश पूरी तरह थम गई है।
काठमांडू वैली ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के अनुसार, अधिकांश सड़कों पर अब आवागमन सुचारू है और बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कोशी, लुंबिनी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेशों में सोमवार को आसमान अधिकतर बादलों से घिरा रहेगा, जबकि अन्य प्रदेशों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सोमवार शाम तक कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश के कुछ पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में मध्यम दर्जे की गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।