नेपाल और भारत के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बनी है। जिसमें ‘नो-मेंस लैंड’ क्षेत्र में नियमित गस्ती और एक वर्ष के भीतर संयुक्त सुरक्षा अभ्यास करने पर सहमति बनी है। इस दौरान नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) व भारत के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बीच आठ बिंदुओं के सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हुए।
नेपाल के एपीएफ के महानिरीक्षक शैलेंद्र खनाल और एसएसबी के महानिदेशक कुमार राजेश चंद्र के बीच हुई सहमति में दशगजा (नो-मेंस लैंड) में नियमित संयुक्त गस्ती, संयुक्त सुरक्षा अभ्यास, आतंकवाद, सीमा अपराध नियंत्रण और आपस में सूचना आदान प्रदान आदि बिंदुओं पर सहमति बनी।
इससे पहले दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच नियमित रूप में सुरक्षा अभ्यास नही हुआ है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता सूरज कुमार श्रेष्ठ के अनुसार नेपाल और भारतीय सीमा में तीसरे देश से हो सकने वाले घुसपैठ और अनधिकृत आवाजाही पर नियंत्रण करने पर भी सहमति हुई है। इससे आतंकवाद और सीमा अपराध नियंत्रण में सहयोग होगा ।