नेपाल और भारत ने अपनी खुली सीमाओं के पार नागरिकों की आवाजाही को सहज बनाने के लिए एक-दूसरे के साथ बेहतर समन्वय बढ़ाने पर सहमति जताई है।
विज्ञापन
काठमांडू में सोमवार को आयोजित 8वीं नेपाल-भारत सीमा सुरक्षा समन्वय बैठक में इस पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक अमृत मोहन प्रसाद और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल के प्रमुख राजू अर्याल ने की।
नेपाल में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'दोनों पक्षों के बीच सार्थक चर्चा हुई और खुली सीमाओं के पार दोनों देशों के नागरिकों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समन्वय बढ़ाने पर सहमति हुई।'
आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उपायों पर भी बनी सहमति
नेपाली अधिकारियों के अनुसार, तीन दिवसीय उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक सोमवार को संपन्न हुई, जिसमें सीमा पार आपराधिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ऋषिराम तिवारी ने बताया कि दोनों देशों ने मिलकर सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उपायों पर सहमति जताई।
भारत के इन राज्यों से लगती है नेपाल की सीमा
नेपाल की सीमा भारत के पांच राज्यों- सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से लगती है। यह सीमा 1,850 किमी से अधिक लंबी है।