चीनी हैकरों पर कोविड-19 पर शोध करने वाली फर्मों को निशाना बनाने का आरोप
उधर, अमेरिकी न्याय विभाग ने दो चीनी हैकरों पर दुनियाभर की कंपनियों से व्यापार से जुड़ी करोड़ों डॉलर मूल्य की गुप्त जानकारियों को चुराने और हाल ही में कोरोना वायरस के लिए टीका विकसित करने वाली फर्मों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
अधिकारियों ने कहा कि हाल के महीनों में हैकरों ने वैक्सीन और उपचार विकसित करने के अपने काम के लिए सार्वजनिक रूप से ज्ञात कंपनियों के कंप्यूटर नेटवर्क की कमियों पर शोध किया था।
मामले में हैकर्स के खिलाफ व्यापार से जुड़ी गुप्त जानकारी चोरी करने और धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं। यह मामला इस महीने की शुरुआत में वाशिंगटन राज्य की संघीय अदालत में दायर किया गया था।
दक्षिण कोरिया में सैनिकों का‘समायोजन करने पर विचार कर रहा है अमेरिका : एस्पर
पेंटागन दक्षिण कोरिया और दुनिया भर में तैनात अपने सैनिकों के समायोजन पर विचार कर रहा है क्योंकि वह पश्चिम एशिया में उग्रवाद और आतंकवाद से निपटने की वर्षों से चल रही कार्रवाई से अपना ध्यान हटाकर चीन की तरफ कर रहा है। यह जानकारी मंगलवार को रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने दी।
एस्पर ने कहा कि उन्होंने दक्षिण कोरिया से हटने के लिए कोई आदेश जारी नहीं किया है। विस्तार से जानकारी दिए बगैर एस्पर ने कहा कि वह अमेरिकी सैनिकों की क्रमवार तैनाती पर ज्यादा जोर दे रहे हैं न कि स्थायी तैनाती पर क्योंकि इससे हमें, अमेरिका को पूरी दुनिया के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों का मुकाबला करने में ज्यादा सामरिक लचीलापन मिलता है।
अमेरिका ने दक्षिण कोरिया में 28,500 से अधिक सैनिकों की तैनाती कर रखी है ताकि उत्तर कोरिया की चुनौती का जवाब दिया जा सके लेकिन अब अमेरिका-दक्षिण कोरिया के बीच संधि में तनाव आया है, क्योंकि ट्रम्प प्रशासन अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी के लिए सियोल से काफी ज्यादा भुगतान करने की मांग कर रहा है।