चार साल का स्व निर्वासन खत्म कर हाल ही में पाकिस्तान लौटे पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ खैबर-पख्तूनख्वा के मनसेहरा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उनके दामाद कैप्टन (सेवानिवृत्त) मुहम्मद सफदर ने बुधवार को ये दावा किया। इसके साथ ही कहा यह भी जा रहा है कि नवाज मानसेहरा के अलावा कुछ अन्य सीटों से भी चुनाव लड़ सकते हैं।
मुहम्मद सफदर ने कहा कि पूर्व पीएम नेशनल असेंबली के लिए सीट 'एनए 15 मनसेहरा-सह-तोरघर निर्वाचन क्षेत्र' के लिए अपना नामांकन पत्र कल यानी गुरुवार को जमा करेंगे। बता दें कि मुहम्मद सफदर मनसेहरा के रहने वाले हैं। वे शरीफ की बेटी मरियम नवाज के पति हैं। गौरतलब है कि मानसेहरा हजारा डिवीजन का हिस्सा है। इसे पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) का गढ़ माना जाता है। इसके साथ ही ये जानकारी भी सामने आई है कि नवाज शरीफ मानसेहरा के अलावा लाहौर से भी चुनाव लड़ सकते हैं।
बता दें कि नवाज शरीफ पाकिस्तान के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने तीन बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। आगामी चुनावों में वे अपनी पार्टी का नेतृत्व करने के लिए अक्तूबर में पाकिस्तान वापस आ गए थे। अब उनकी नजर एक बार फिर पाकिस्तान के पीएम पद पर है। इससे पहले, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने घोषणा की थी कि जेल में बंद उसके संस्थापक नेता इमरान खान कम से कम तीन सीटों से आम चुनाव लड़ेंगे।