भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर भारतीय नौसेना के आठ जहाजों ने छह महाद्वीपों, तीन महासागरों और छह अलग-अलग बंदरगाहों पर तिरंगा फहराया। भारतीय नौसेना (Indian Navy) का सबसे पुराना सेल ट्रेनिंग शिप आईएनएस तरंगिनी (INS Tarangini) ने यूरोपीय महाद्वीप ब्रिटेन (UK) में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व किया। मेड-इन-इंडिया नौसैनिक जहाज आईएनएस तरंगिनी को भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ (75th Anniversary of India Independence) के अवसर पर ब्रिटेन के पूर्वी लंदन के टेम्स क्वे (Thames Quay) में डॉक किया गया था, जो इस सप्ताह भारतीय प्रवासियों (Indian Diaspora) के लिए उत्सव का केंद्र बिंदु रहा। आईएनएस तरंगिनी के चालक दल ने राष्ट्रमंडल स्मारक द्वार पर दो विश्व युद्धों के दौरान अंतिम बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
थेम्स नदी के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सबसे पहले इस जहाज के डेक पर तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद पंजाबी ढोल की धुन और शास्त्रीय नृत्य और संगीत का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर ब्रिटेन में कार्यवाहक भारतीय उच्चायुक्त सुजीत घोष ने कहा कि भारत की 75 वर्षों की यात्रा वास्तव में उल्लेखनीय रही है। हम एक युवा राष्ट्र हैं, हम अपने पूर्वजों के मूल्यों और ज्ञान में निहित एक प्राचीन सभ्यता भी हैं। उन्होंने कहा कि साझा मूल्यों और सिद्धांतों वाले दो महान लोकतंत्रों के रूप में, भारत-ब्रिटेन की साझेदारी हमारे लोगों की सुरक्षा और समृद्धि और वैश्विक भलाई में योगदान देगी।